-वाराणसी सहित कई शहरों में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए लगाए गए पोस्टर, भड़के सपाई
उमेश गुप्ता / वाराणसी
विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में सियासी पोस्टर वार शुरू हो गया है। सोमवार को कई शहरों में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए पोस्टर लगाए गए। लखनऊ, वाराणसी, उन्नाव, इटावा, सीतापुर, बरेली, मेरठ, आजमगढ़ और गाजीपुर में पोस्टर सामने आए।
वाराणसी में सपा नेताओं ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया। नेताओं ने पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। सपा नेताओं का कहना है कि पांडेयपुर और सिगरा में लगाए गए पोस्टरों में अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक नारे लिखे गए हैं।
सपा के प्रदेश सचिव राजू यादव ने बताया कि वाराणसी के पांडेपुर और सिगरा क्षेत्र में अखिलेश यादव की तस्वीर वाले आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्टर लगाए गए। उनके मुताबिक पोस्टरों में अखिलेश यादव की तस्वीर को अतीक अहमद और मुन्ना बजरंगी जैसे नामों के साथ जोड़ा गया और समाजवादी पार्टी के शासनकाल को लेकर आपत्तिजनक नारे लिखे गए।
राजू यादव ने कहा कि वाराणसी में जगह-जगह CCTV कैमरों से निगरानी होती है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों तक की पहचान कैमरों के जरिए की जाती है। ऐसे में पोस्टर लगाने वालों की पहचान भी CCTV फुटेज से की जा सकती है। उन्होंने पुलिस से संबंधित फुटेज की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सपा नेताओं के अनुसार, पोस्टरों पर ‘अतीक अहमद और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार’ और ‘अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश’ जैसे नारे लिखे गए थे। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि पोस्टरों के जरिए अखिलेश यादव की सार्वजनिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
