मुख्यपृष्ठस्तंभतहकीकात : सुरक्षा के दावों में बेटियों को सता रहा है डर

तहकीकात : सुरक्षा के दावों में बेटियों को सता रहा है डर

-फिरोज खान

–दो हफ्ते में चार नाबालिगों के खिलाफ यौन हिंसा
दिल्ली देश की राजधानी है। सत्ता यहीं बैठती है, कानून यहीं बनते हैं और महिलाओं-बेटियों की सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे भी यहीं से किए जाते हैं। लेकिन सवाल यह है कि इन दावों की हकीकत राजधानी की सड़कों पर कितनी दिखाई देती है? महज दो हफ्ते से भी कम समय में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से नाबालिगों के खिलाफ यौन हिंसा की चार गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। छह साल की बच्ची से कथित यौन अपराध, ११ साल की बच्ची को दुकान में बंधक बनाकर यौन हिंसा का आरोप, कालकाजी में पुलिसकर्मी बनकर किशोरी को डराने और यौन हिंसा का मामला और स्वरूप नगर में किशोरी की कथित गैंगरेप के बाद हत्या, ये घटनाएं सिर्फ अपराध की खबरें नहीं हैं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था के सामने खड़े कठोर सवाल हैं। सरकारें अक्सर बताती हैं कि कानून सख्त हैं, पुलिस सक्रिय है और अपराधियों पर कार्रवाई हो रही है। कार्रवाई जरूरी है, लेकिन असली सवाल उससे पहले का है। अपराध होने से पहले सरकार और प्रशासन कहां थे? अगर किसी पार्क में अपराधी खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी को डराने की हिम्मत कर सकते हैं, अगर बाजार में एक बच्ची को दुकान के भीतर बंधक बनाया जा सकता है और अगर राजधानी में एक किशोरी की जान तक चली जाती है तो सिर्फ गिरफ्तारी के आंकड़े सुरक्षा की पूरी कहानी नहीं बता सकते। सुरक्षा का मतलब यह नहीं कि घटना के बाद पुलिस पहुंच जाए। सुरक्षा का मतलब है कि अपराधी घटना करने से पहले दस बार सोचें। इसके लिए रोशनी, सीसीटीवी, प्रभावी गश्त, संवेदनशील इलाकों की निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया और जवाबदेही ये सब जमीन पर दिखना चाहिए। सबसे बड़ा सवाल यही है कि बेटियों को सुरक्षित रखने की नीति कागज पर है या राजधानी की गलियों में भी? जनता को वादे नहीं, भरोसा चाहिए और भरोसा भाषणों से नहीं, उस दिन बनेगा जब कोई बच्ची शाम को घर से निकले तो परिवार को यह डर न सताए कि वह सुरक्षित लौटेगी या नहीं। सुरक्षा का दावा तब तक अधूरा है, जब तक डर का माहौल खत्म नहीं होता।

अन्य समाचार