मुख्यपृष्ठनए समाचारखेल भावना के माध्यम से एक पीढ़ी को प्रेरित करना ही रायन...

खेल भावना के माध्यम से एक पीढ़ी को प्रेरित करना ही रायन मिनिथॉन 2026–27 का उद्देश्य है : ग्रेस पिंटो

सामना संवाददाता / भायंदर

आज के डिजिटल युग में बच्चे तेजी से स्क्रीन और निष्क्रिय जीवनशैली की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे समय में खेल शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण, आत्मविश्वास, नेतृत्व, टीम भावना और दृढ़ता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रायन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का मानना है कि स्वस्थ शरीर स्वस्थ मन का निर्माण करता है, जिससे विद्यार्थी जिम्मेदार नेतृत्व के लिए तैयार होते हैं। रायन मिनिथॉन के माध्यम से विद्यार्थियों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने, स्वयं को चुनौतियां देने तथा अनुशासन, खेल भावना और दृढ़ संकल्प जैसे मूल्यों को विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। खेलों में लोगों को एकजुट करने, प्रेरित करने और चरित्र निर्माण करने की शक्ति होती है। हमें गर्व है कि रायन के कई पूर्व विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और रायन परिवार तथा हमारे देश का गौरव बढ़ाया है। 18 राज्यों और 40 शहरों में फैला रायन और सेंट जेवियर्स ग्रुप ऑफ स्कूल्स समग्र शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यह शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेल, नेतृत्व, मूल्यों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देता है। रायन मिनिथॉन इसी दृष्टिकोण को दर्शाता है और विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत तथा सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।
रायन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. ग्रेस पिंटो ने ‘दोपहर का सामना’ को बताया कि रायन मिनिथॉन रोड रेस के 27वें संस्करण की घोषणा करते हुए हमें गर्व हो रहा है कि रायन इंटरनेशनल स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित यह भारत की सबसे बड़ी और प्रसिद्ध स्कूली रोड रेस श्रृंखलाओं में से एक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की मिनिथॉन प्रतियोगिता तेरह शहरों—नागपुर, मुंबई, मंगलुरु, जबलपुर, जयपुर, चंडीगढ़, नई मुंबई, बंगलुरु, सूरत, रायपुर, चेन्नई, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित की जाएगी। शैक्षणिक वर्ष 2026–27 की उद्घाटन दौड़ आयोजित करने का गौरव मुंबई (232वीं रेस) को प्राप्त हुआ है। साथ ही यह भी बताया कि अपनी स्थापना के बाद से रायन मिनिथॉन ने लगभग नौ लाख युवा प्रतिभागियों को प्रेरित किया है। यह एक महत्वपूर्ण खेल आंदोलन बन चुका है, जो सहनशक्ति, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का उत्सव मनाता है।
रायन मिनिथॉन-मुंबई (बोरीवली) का आयोजन 22 नवंबर 2026 को किया जाएगा। दौड़ का प्रारंभ सेंट लॉरेंस हाई स्कूल, एक्सर रोड, देवकी नगर के सामने, शांति आश्रम के पास, LIC कॉलोनी, बोरीवली-पश्चिम से होगा। यह इस दौड़ का 232वां संस्करण होगा। हम सभी विद्यार्थियों और समुदाय के सदस्यों को रायन मिनिथॉन 2026–27 में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने के लिए हार्दिक आमंत्रण देते हैं। प्रत्येक कदम स्वस्थ जीवनशैली, मजबूत चरित्र और उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए अधिक दृढ़ संकल्प की प्रेरणा बने।

अन्य समाचार