सामना संवाददाता / मुंबई
देश में वोट चोरी और चुनावी घोटालों के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जिम्मेदार ठहराते हुए शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने विराट जनमोर्चे का आह्वान किया है। यह मोर्चा आगामी ४ अक्टूबर को मुंबई में निकाला जाएगा। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे इस मोर्चे का नेतृत्व करेंगे। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस मोर्चे की घोषणा की। राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि देश की सत्ताधारी पार्टी की शाखा की तरह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग ने ‘एसआईआर’ के नाम पर मतदाताओं के साथ गंभीर धोखा किया है। इसी धोखे के विरोध में यह मोर्चा निकाला जा रहा है। मोर्चे का समय और स्थान जल्द घोषित किया जाएगा। राज ठाकरे ने महाराष्ट्र की जनता से देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने तथा बड़ी संख्या में मोर्चे में शामिल होने की अपील की है।
सभी राजनीतिक दलों से संवाद करेंगे
मोर्चे के लिए शिवसेना और मनसे ने की है पहल
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि एसआईआर के विरोध में आयोजित इस मोर्चे के लिए शिवसेना और मनसे ने पहल की है, लेकिन यह किसी एक दल का मोर्चा नहीं, बल्कि जनता का मोर्चा है। यह केवल किसी एक पार्टी तक सीमित न रहकर पूरे राजनीतिक तंत्र और जनता की आवाज बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोर्चे में सभी राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दोनों दल अन्य सभी राजनीतिक दलों से संवाद करेंगे। उनका कहना है कि लोकतंत्र और संविधान से जुड़े इस मुद्दे पर व्यापक स्तर पर लोगों को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा।
