मुख्यपृष्ठनए समाचारएसआईआर पर चुनाव आयोग बैकफुट पर! ....  नोटिस वाले मतदाताओं को बड़ी...

एसआईआर पर चुनाव आयोग बैकफुट पर! ….  नोटिस वाले मतदाताओं को बड़ी राहत, घर-घर जाकर दस्तावेज जुटाएंगे बीएलओ

– दिल्ली और महाराष्ट्र में दावे-आपत्तियों की समयसीमा बढ़ी, विशेष मामलों में ही होगी सुनवाई
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में नोटिस पाने वाले मतदाताओं के लिए सत्यापन प्रक्रिया आसान कर दी है। अब ‘अनमैप्ड’ अथवा ‘तार्किक विसंगति’ वाले मतदाताओं को निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) या सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) के कार्यालय में बुलाने के बजाय बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उनके घर जाकर दस्तावेज जुटाएंगे और उन्हें ईसीआईनेट पर अपलोड करेंगे। केवल असाधारण मामलों में ही सुनवाई होगी और वह भी संभवतः ऑनलाइन। मतदाता अपनी ओर से परिवार के किसी वयस्क सदस्य को भी अधिकृत कर सकेगा।
दिल्ली-महाराष्ट्र में बढ़ी मोहलत
चुनाव आयोग ने दिल्ली में दावे-आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर ३० अक्टूबर कर दी है, जबकि इनके निपटारे की समयसीमा ३० नवंबर तक की गई है। महाराष्ट्र में दावे-आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख १२ अक्टूबर और इनके निपटारे की अंतिम तारीख १० नवंबर २०२६ होगी। आयोग ने बेघर, मजदूर और गरीब मतदाताओं की मदद के लिए विशेष शिविर लगाने की भी बात कही है। आयोग ने इसे पिछला पैâसला पलटना नहीं, बल्कि मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रक्रियागत सुधार बताया है।
ऐसे जांचें अपना नाम
मतदाता सेवा पोर्टल वोटर्स.ईसीआई.जीओवी.इन, ‘वोटर हेल्पलाइन’ ऐप अथवा महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर डालकर अपना नाम खोजा जा सकता है। बूथ लेवल अधिकारी से भी सूची की जानकारी ली जा सकती है। चुनाव आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल पर मतदाता सूची में नाम खोजने और आवेदन की स्थिति देखने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
गलती मिलने पर क्या करें?
– नाम गायब है तो फॉर्म-६ भरें।
– नाम, पता या अन्य विवरण गलत है तो फॉर्म-८ जमा करें।
– किसी अपात्र या मृत व्यक्ति के नाम पर आपत्ति के लिए फॉर्म-७ दें।
– एसआईआर का नोटिस मिला है तो जरूरी दस्तावेज तैयार रखें। बीएलओ घर आकर दस्तावेज जुटाएंगे और उन्हें ईसीआईनेट पर अपलोड करेंगे।
– सहायता के लिए हेल्पलाइन १९५० पर संपर्क करें।
महाराष्ट्र एसआईआर:
मतदाताओं को अतिरिक्त मौका
नई समयसीमा
– नाम जोड़ने, सुधार अथवा आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तारीख: १२ अक्टूबर २०२६
– दावों, नोटिसों और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख: १० नवंबर २०२६
महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर एसआईआर-२०२६ से संबंधित संशोधित कार्यक्रम और मतदाता सहायता से जुड़ी जानकारी उपलब्ध है।

अन्य समाचार