-शुभेंदु सरकार पर बरसीं दीदी
– श्रीरामपुर में रैली से पहले सियासी संग्राम
सामना संवाददाता / कोलकाता
पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर में तृणमूल कांग्रेस की प्रस्तावित रैली से पहले सियासी तनाव बढ़ गया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि कलकत्ता हाई कोर्ट की अनुमति के बावजूद उन्हें रैली स्थल तक जाने से रोका जा रहा है और उन्हें लगभग नजरबंद कर दिया गया है। ममता ने आरोप लगाया कि रैली स्थल की ओर जाने वाले रास्ते पर भाजपा के गुंडों ने कब्जा कर लिया और वहां पुलिस की मौजूदगी नहीं थी।
ममता बनर्जी ने कहा, ‘हमें घर से बाहर भी नहीं निकलने दिया जा रहा है। उन्होंने हमें लगभग नजरबंद कर रखा है।’ उन्होंने दावा किया कि रैली के रास्ते में लोगों को रोका जा रहा है और तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमले किए जा रहे हैं। ममता ने इस घटना को लेकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश के बाद श्रीरामपुर में सभा आयोजित की जा रही है, इसलिए किसी भी तरह की अशांति नहीं होनी चाहिए। श्रीरामपुर कोर्ट मैदान में सभा आयोजित करने को लेकर तृणमूल और प्रशासन के बीच विवाद चल रहा था। पार्टी के मुताबिक, अनुमति के लिए करीब १५ दिनों तक कानूनी लड़ाई चली। इसके बाद कलकत्ता हाई कोर्ट ने शनिवार २६ सितंबर को शाम ४ से ६ बजे तक सभा आयोजित करने की अनुमति दी।
भाजपा के गुंडों ने श्रीरामपुर में तृणमूल की रैली स्थल की ओर जाने वाली सड़क पर कब्जा कर लिया है और वहां पुलिस भी मौजूद नहीं है। हमारे लोगों को रास्ते में रोककर बेरहमी से पीटा जा रहा है।’
