– नाना पटोले बोले-‘पुरस्कार की मांग ने खोल दी केंद्र की मोदी सरकार की पोल’
सामना संवाददाता / मुंबई
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद्मभूषण देने की पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य की मांग ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने भाजपा नेता पर तीखा हमला बोला है। पटोले ने कहा कि यदि निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर गंभीर आपत्तियां और शिकायतें सामने आई हैं, तो उनका पारदर्शी तरीके से जवाब देने के बजाय मुख्य निर्वाचन आयुक्त की प्रशंसा और उन्हें पुरस्कार देने की मांग कई सवाल खड़े करती है।
पटोले के अनुसार, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों की चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन आयोग और संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजे गए, लेकिन उन पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।
‘चुनावी सवालों का जवाब दें, पुरस्कार नहीं’
भाजपा नेता समिक भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण चुनाव और मतदाता सूची में सुधार का श्रेय ज्ञानेश कुमार को देते हुए उन्हें कम से कम पद्मभूषण देने की मांग की है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। इस पर पटोले ने कहा कि मुद्दा किसी व्यक्ति को पुरस्कार देने या न देने का नहीं, बल्कि मतदाता के अधिकार और चुनावी व्यवस्था पर जनता के भरोसे का है।
उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, बेरोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को लेकर जनता परेशान है, लेकिन सरकार पर जनदबाव दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में चुनावी व्यवस्था और मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों पर भी सरकार और निर्वाचन आयोग को जवाब देना चाहिए।
