मुख्यपृष्ठस्तंभपटना की पॉलिटिक्स : जदयू में ‘बगावत’ का बिगुल!

पटना की पॉलिटिक्स : जदयू में ‘बगावत’ का बिगुल!

-अरुण कुमार गुप्ता

बिहार की सत्तारूढ़ जदयू में अंदरूनी टकराव अब खुली चुनौती में बदलता दिखाई दे रहा है। मोकामा से जदयू विधायक अनंत कुमार सिंह ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार को हराने का एलान कर दिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन देने और उनके लिए प्रचार करने की घोषणा की है। अनंत सिंह ने कहा है कि वह एक अक्टूबर को अनुज सिंह के नामांकन में उनके साथ रहेंगे और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी २६ विधानसभा क्षेत्रों में उनके लिए प्रचार करेंगे। यानी मामला केवल समर्थन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जदयू के अपने उम्मीदवार के खिलाफ सक्रिय चुनाव प्रचार की तैयारी है। अनंत सिंह ने अपने और नीरज कुमार के विवाद को व्यक्तिगत बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीरज कुमार अतीत में उनके खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं और आरसीपी सिंह खेमे से जुड़े रहे हैं। सबसे बड़ा राजनीतिक सवाल यही है कि जब पार्टी का एक मौजूदा विधायक खुले तौर पर अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार को हराने का एलान कर रहा है, तो संगठन की अनुशासन व्यवस्था क्या कदम उठाएगी? २९ सितंबर को विवाद जदयू नेतृत्व तक पहुंच गया। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री श्रवण कुमार ने नीतीश कुमार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मामले पर निर्णय लेगी।
गरीब की छत पर ‘सूची का खेल’!
बिहार में गरीबों को पक्का घर देने वाली प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी सूची अब सवालों के घेरे में है। दरभंगा के जाले प्रखंड की राढ़ी पश्चिमी पंचायत में सूची में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। पंचायत समिति सदस्य अनिल भंडारी ने बीडीओ को आवेदन देकर पूरी सूची की निष्पक्ष और स्थलीय जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मौजूदा लाभार्थी सूची में ऐसे लोगों के नाम भी शामिल हैं, जिन्हें पहले ही प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए राशि मिल चुकी है। यदि जांच में यह आरोप सही पाए जाते हैं तो सवाल सिर्फ सूची की गलती का नहीं, बल्कि लाभार्थियों के चयन और सत्यापन की पूरी व्यवस्था का होगा। सबसे बड़ा सवाल उन गरीब परिवारों का है जो आज भी कच्चे, जर्जर या बिना छत के मकानों में रहने को मजबूर हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि अपात्र लोगों के नाम शामिल होने से गरीब, दिव्यांग, विधवा और वास्तविक आवासविहीन परिवार योजना के लाभ से बाहर हो सकते हैं। मामले में मांग की गई है कि सूची में शामिल प्रत्येक लाभार्थी का स्थल सत्यापन कराया जाए। जो लोग अपात्र पाए जाएं, उनके नाम नियमानुसार हटाए जाएं और वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता दी जाए। यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि बिहार के दूसरे इलाकों में भी प्रधानमंत्री आवास योजना की सूचियों को लेकर शिकायतें सामने आई हैं।
खाकी में ‘नकली नोट’ की डील!
बिहार में अपराधियों के हौसले और अपराध के बदलते तौर-तरीकों की एक चौंकाने वाली तस्वीर मुजफ्फरपुर से सामने आई है। यहां नकली नोटों के कथित कारोबार में पुलिस की खाकी वर्दी को ही ढाल बनाने का मामला सामने आया है। एसटीएफ और मुजफ्फरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान भी शामिल है, जो कथित तौर पर खाकी वर्दी पहनकर नकली नोटों की डील करने पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, मोतीपुर थाना क्षेत्र में २७ सितंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोपियों के पास से ७१,२०० रुपए के जाली भारतीय नोट बरामद हुए। इसके अलावा ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ लिखे नकली नोट भी बड़ी संख्या में मिले। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे नोटों की अंकित राशि करीब १०.०७ लाख रुपए बताई गई है। जांच में यह भी सामने आया कि सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान कथित तौर पर पुलिस की वर्दी और ‘पुलिस’ लिखे वाहन का इस्तेमाल करता था। आरोप है कि इस खाकी की आड़ में आम लोगों पर पुलिसिया रौब जमाकर ठगी की जाती थी। इन आरोपों की पूरी सच्चाई अब पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई से सामने आएगी।

 

अन्य समाचार