सामना संवाददाता / मुंबई
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रविवार, ४ अगस्त को शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से विराट जनमोर्चा निकाला जाएगा। शुरुआत में यह मोर्चा भायखला स्थित रिचर्डसन एंड क्रूडास कंपनी के प्रवेशद्वार से मुंबई मनपा मुख्यालय तक निकाला जाना था। लेकिन अब इस मोर्चे के मार्ग में थोड़ा बदलाव किया गया है। यह मोर्चा अब मेट्रो सिनेमा जंक्शन से मुंबई मनपा मुख्यालय तक निकलेगा। शिवसेना नेता अधिवक्ता अनिल परब और मनसे नेता बाला नांदगांवकर ने पत्रकार परिषद में यह जानकारी दी।
शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के नेतृत्व में चुनाव आयोग के खिलाफ इस विशाल मोर्चे का आयोजन किया गया है। पहले मोर्चे का मार्ग भायखला स्थित रिचर्डसन एंड क्रूडास कंपनी के प्रवेशद्वार से मुंबई मनपा मुख्यालय तक तय किया गया था। दोनों दलों के प्रतिनिधिमंडल ने कल मुंबई के पुलिस आयुक्त देवेन भारती से चर्चा की। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने मोर्चे के मार्ग में बदलाव करने का अनुरोध किया, जिसके बाद अधिवक्ता अनिल परब ने बताया कि इसी अनुरोध को देखते हुए मार्ग बदलने का निर्णय लिया गया।
अनिल परब ने कहा कि पहले तय किए गए मार्ग को लेकर पुलिस को आपत्ति थी। दरअसल, इस मार्ग पर मोर्चे की शुरुआत से लेकर अंत तक पूरा रास्ता पुल पर है और नीचे जाने के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं है। मुंबई मनपा ने वहां साढ़े तीन से चार फुट ऊंचे नए डिवाइडर लगाए हैं। ऐसे में यदि गलती से भी कोई अप्रिय घटना होती है, तो लोगों के बाहर निकलने के लिए दूसरा रास्ता उपलब्ध नहीं होगा। पुलिस आयुक्त की यह चिंता दोनों दलों के प्रमुखों तक पहुंचाई गई और रात में ही मोर्चे का मार्ग बदलने का निर्णय लिया गया।
समय में कोई बदलाव नहीं
उन्होंने बताया कि इससे पहले मेट्रो सिनेमा जंक्शन से मुंबई मनपा मुख्यालय तक ‘सत्य का मोर्चा’ निकाला गया था। अब चुनाव आयोग के खिलाफ भी इसी मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि, मोर्चे का मार्ग बदला गया है, लेकिन उसके समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मोर्चा निर्धारित समय पर ही निकाला जाएगा।
