– अमिताभ श्रीवास्तव
पाकिस्तानी महिला क्रिकेट टीम की सबसे खूबसूरत कायनात अब मैदान पर खेलते हुए नहीं दिखेगी। जी हां, पाकिस्तान की महिला क्रिकेटर कायनात इम्तियाज ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने एक पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘हरी जर्सी (पाकिस्तान टीम की जर्सी का रंग) में १३ साल बिताने के बाद, मैं इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो रही हूं।’ उन्होंने अपने सफर के दौरन मिले समर्थन और मदद के लिए कोच, साथी खिलाड़ियों, पीसीबी फैंस स और अपनी मां का शुक्रिया किया। उन्होंने लिखा, ‘मेरी मां, सलीमा इम्तियाज का भी शुक्रिया, जो आईसीसी डेवलपमेंट पैनल में पाकिस्तान की पहली महिला अंपायर बनीं और हमेशा मेरी प्रेरणा रही हैं।’ कायनात इम्तियाज अब मैच रेफरी की भूमिका में नजर आएंगी। उन्होंने लिखा, ‘कमेंट्री और प्रेजेंटिंग में तीन साल बिताने के बाद, अब मैं मैच रेफरी के तौर पर एक नया सफर शुरू कर रही हूं। मैं मैदान नहीं छोड़ रही, बस भूमिका बदल रही हूं। मैं युवा लड़कियों को यह दिखाना चाहती हूं कि इस खेल में अपना करियर बनाने के कई रास्ते हैं।’ कायनात इम्तियाज ने पाकिस्तान के लिए १९ वनडे खेले, जिसमें १० विकेट लिए और १३४ रन बनाए। २१ टी२० में उन्होंने ८ विकेट लिए। उन्होंने २०२३ में अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था।
अब कब दिखेंगे रोका?
वेस्टीन्डीज सीरीज खत्म और इस तरह मैदान से रोका भी गायब। जी हां, अब कब दिखेंगे हमारे रोका यानि रोहित शर्मा और विराट कोहली? रोहित और कोहली चूंकि अब सिर्फ वनडे सीरीज में खेलते हैं तो वह वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टी२० सीरीज में खेलते नजर नहीं आएंगे। हालांकि, इनके फैंस के लिए खुशी की बात यह है कि इस साल रोहित-कोहली की जोड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेल सकती है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है। अगले साल होने वाले वनडे सीरीज को देखते हुए ये सीरीज काफी अहम है और रोहित और कोहली के लिए ये काफी विशेष होगी। इसके लिए फिलहाल भारतीय टीम का एलान नहीं हुआ है। भारतीय टीम २२ अक्टूबर से एक दिसंबर २०२६ तक न्यूजीलैंड में रहेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच कुल १२ अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें पांच टी२०, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच शामिल हैं। करीब ४० दिनों तक चलने वाला यह दौरा पांच प्रमुख शहरों में आयोजित किया जाएगा। पहला वनडे चार नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला सात नवंबर को वेलिंगटन में और तीसरा वनडे १० नवंबर को हैमिल्टन में होगा। चौथा और पांचवां वनडे क्रमश: १३ और १५ नवंबर को माउंट माउंगानुई (टौरंगा) के बे ओवल मैदान पर खेले जाएंगे।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
