-स्वामी विवेकानंद का अपमान व पार्क में तोड़फोड़, विवाद गहराया
-मूकदर्शक बनकर देखती रही यूपी पुलिस
विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
जानलेवा हमले के आरोपी विवादित यूट्यूबर व लोकगायक संजय यदुवंशी के नेतृत्व में पुलिस के खिलाफ सुल्तानपुर जिलामुख्यालय पर प्रदर्शन के दौरान स्वामी विवेकानंद परिसर में उनके समर्थन ने जमकर हुड़दंग मचाया। तोड़फोड़ की। यहां तक कि परिसर का मुख्य द्वार व रेलिंग आदि उनके समर्थकों ने तोड़ डाली। बाउंड्रीवाल पर अंकित धार्मिक चिह्न भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। खुद यूट्यूबर यदुवंशी ने स्वामी विवेकानंद प्रतिमा के प्लेटफॉर्म पर चढ़कर सभा को संबोधित किया। इस दौरान यूपी पुलिस मूकदर्शक बनी रही। घंटों तक सभा के बाद जब भीड़ छंटी तो स्वामी विवेकानंद जी के अनुयायियों की बड़ी तादाद घटनास्थल पर जा पहुंची। क्षतिग्रस्त प्रतिमास्थल को लेकर फिलहाल चहुंओर रोष व्याप्त हो गया है। वहीं सूचना प्राप्त होने पर पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने भी पालिका प्रशासन के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर आवश्यक विधिक कार्यवाई के निर्देश मातहतों को दिए। नगर कोतवाली के दरोगा एसके सिंह ने स्पॉट का मुआयना कर उच्चाधिकारियों को हालात से अवगत कराया। उधर पार्क का रखरखाव करने वाली संस्था भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनों ने देर शाम तक मौके पर ही आपात बैठक करके स्वामी विवेकानंद के अपमान को लेकर प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है। हालात की संवेदनशीलता को भांपते हुए पार्क परिसर के इर्द गिर्द पुलिस की तैनाती कर दी गई है।
ये है मामला …
यूट्यूबर व युवा लोकगायक संजय यदुवंशी सुल्तानपुर शहर से सटे उघड़पुर गांव के मूल निवासी हैं। अक्सर आपत्तिजनक शब्दावली वाले गानों को लेकर उनपर आरोप लगते रहते हैं। गत माह यूट्यूबर व उनके भाई पर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला व मारपीट के आरोप में नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। आरोप है कि इसी सिलसिले में गत सप्ताह पुलिस ने उनके पैतृक घर पर आरोपी गायक की तलाश में दबिश दी। इस दौरान यूट्यूबर के परिजनों से अभद्रता व गालीगलौज की। प्रतिक्रियास्वरूप प्रकरण के आरोपी गायक यदुवंशी ने पुलिस पर नियमोंका विपरीत दबिश डालने और अभद्रता, गालीगलौज को लेकर शुक्रवार को जिलामुख्यालय पर सैकड़ों समर्थकों संग प्रदर्शन किया। जिसमें आरोपी पुकिस कर्मियों के निलंबन व केस दर्ज करने की मांग शामिल थी। फिलहाल पुलिस प्रशासन के प्रभावी एक्शन के आश्वासन पर घंटों तक चला प्रदर्शन खत्म हो गया।
