मुख्यपृष्ठनए समाचारनैनी में गूंजा जय श्रीराम, भव्य कर्णघोड़ा शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब!

नैनी में गूंजा जय श्रीराम, भव्य कर्णघोड़ा शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब!

-एक दर्जन से अधिक डीजे और आकर्षक कलात्मक चौकियों ने बांधा समां,
-धार्मिक उल्लास के बीच निकली शोभायात्रा

राजेश सरकार / प्रयागराज

कमिश्नरेट प्रयागराज के यमुनानगर जोन में शुक्रवार को रामभक्ति और धार्मिक उत्साह का अनूठा नजारा देखने को मिला। स्वदेशी कॉटन मिल सार्वजनिक रामलीला समिति की ओर से भव्य कर्णघोड़ा शोभायात्रा निकाली गई। एक दर्जन से अधिक डीजे और आकर्षक कलात्मक चौकियों से सजी शोभायात्रा ने लोगों का ध्यान खींचा। मार्ग में शोभायात्रा को देखने के लिए लोगों की विशेष रुचि दिखाई दी और पूरा क्षेत्र धार्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया।
स्वदेशी कॉटन मिल से रामलीला मैदान तक निकली शोभायात्रा
सार्वजनिक रामलीला समिति के अध्यक्ष एवं पार्षद राकेश जायसवाल के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा स्वदेशी कॉटन मिल से प्रारंभ होकर शंकरढाल, नैनी बाजार, स्टेशन रोड और मेवालाल की बगिया चौराहे से होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। शोभायात्रा में शामिल कलात्मक चौकियां और डीजे आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
रामलीला के जरिए जीवंत रखी जा रही सांस्कृतिक परंपरा
समिति अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने बताया कि कर्णघोड़ा शोभायात्रा क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है। समिति प्रत्येक वर्ष इस आयोजन को भव्य स्वरूप देने का प्रयास करती है। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों और उनकी लीलाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। आयोजन में समिति के कोषाध्यक्ष एवं पार्षद दिलीप केसरवानी, संजय केसरवानी, सीमेंट संजय जायसवाल, धर्मराज पटेल सहित समिति के सैकड़ों सदस्य शामिल रहे।
आधुनिक तकनीक से सजती है रामलीला
सार्वजनिक रामलीला समिति की रामलीला यमुनापार के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में गिनी जाती है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, आधुनिक ध्वनि एवं प्रकाश तकनीक के माध्यम से भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन किया जाता है। रामलीला देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचते हैं।

अन्य समाचार