मुख्यपृष्ठनए समाचारबाबा नगरी देवघर में दो दिवसीय शौर्य संपर्क मेला का आयोजन

बाबा नगरी देवघर में दो दिवसीय शौर्य संपर्क मेला का आयोजन

अनिल मिश्र / रांची

भारतीय सेना के ट्रिनिटी एरिया के तत्वावधान में बिहार एवं झारखंड सब एरिया द्वारा आयोजित दो दिवसीय शौर्य संपर्क मेला का बाबा नगरी देवघर में आज शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित गरिमामय एवं प्रेरणादायी उद्घाटन समारोह में भारत के वीर सैनिकों और उनके परिवारों के बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।इस समारोह का उद्घाटन 53 राष्ट्रीय राइफल्स (पंजाब) के स्वर्गीय सिपाही गणेश चंद्र पांडे की वीर नारी एवं पत्नी श्रीमती बुलू देवी ने किया। स्वर्गीय सिपाही गणेश चंद्र पांडे ने 27 अक्टूबर 2004 को ऑपरेशन रक्षक के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था। 16 बिहार रेजिमेंट के स्वर्गीय सिपाही कुंदन कुमार ओझा की वीर माता श्रीमती भवानी देवी ने भी समारोह में सहभागिता की। स्वर्गीय सिपाही कुंदन कुमार ओझा ने 16 जून 2020 को ऑपरेशन स्नो लेपर्ड के दौरान गलवान घाटी संघर्ष में वीरगति प्राप्त की थी। बिहार रेजिमेंट के सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर दिलीप कुमार भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। समारोह में 111 एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पवन चड्ढा, एसएम, वीएसएम तथा झारखंड एवं बिहार सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, वीएसएम ने भी भाग लिया।मेले में एनसीसी कैडेटों, विद्यार्थियों, पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों, युवाओं और स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पंजाब रेजिमेंट के रेजिमेंटल बैंड की मनमोहक प्रस्तुति ने समारोह की गरिमा और देशभक्ति के उत्साह को और बढ़ा दिया तथा उपस्थित जनसमूह ने इसका जोरदार स्वागत किया।इस बीच प्रमुख गतिविधियों में विशाल चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा शिविर, रिकॉर्ड कार्यालयों और पीसीडीए (पेंशन), प्रयागराज की सहायता, पुनर्वास एवं पुनर्नियोजन संबंधी मार्गदर्शन, लघु शस्त्र प्रदर्शनी तथा सशस्त्र बलों और एनसीसी में भर्ती के प्रति जागरूकता संबंधी पहल शामिल रहीं। बहु-विशेषता चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और स्थानीय निवासियों ने परामर्श, जांच संबंधी सहायता तथा विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह का लाभ उठाया। रक्तदान अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें सेवारत कर्मियों, पूर्व सैनिकों, युवाओं और स्थानीय समुदाय के सदस्यों ने उत्साहजनक भागीदारी की।

अन्य समाचार