मुख्यपृष्ठनए समाचारयात्रियों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्यता के साथ काशी में 62 दिन...

यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्यता के साथ काशी में 62 दिन बाद शुरू हुआ नौका संचालन

 उमेश गुप्ता / वाराणसी

काशी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। गंगा का जलस्तर कम होने और परिस्थितियों में सुधार के बाद शुक्रवार से वाराणसी में बड़ी मोटर बोट के संचालन की अनुमति दे दी गई है। अब पर्यटक और श्रद्धालु मोटर बोट से गंगा की धारा में सवार होकर काशी के 84 घाटों का दीदार कर सकेंगे। हालांकि, सुरक्षा कारणों से हाथ से चलने वाली नावों के संचालन पर फिलहाल रोक जारी रहेगी।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि मोटर बोट का संचालन सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक ही किया जा सकेगा। निर्धारित समय के बाहर बोट चलाने और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने मोटर बोट में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सख्त नियम तय किए हैं। प्रत्येक बोट पर कम से कम दो तैराक नाविकों की मौजूदगी अनिवार्य होगी। बोट पर सवार सभी यात्रियों और श्रद्धालुओं को लाइफ जैकेट पहननी होगी। बिना लाइफ जैकेट किसी को भी यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मोटर बोट में यात्रियों की संख्या को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। नाव की निर्धारित क्षमता के आधे यात्रियों को ही बैठाकर यात्रा कराई जा सकेगी। इसका उद्देश्य नाव पर अधिक भार होने से रोकना और आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रत्येक मोटर बोट में रस्सा, लाइफ बॉय और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होने चाहिए। नाविकों को यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और प्रशासन की ओर से निर्धारित सभी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
गंगा का जलस्तर बढ़ने और मौसम प्रतिकूल होने के कारण पिछले दिनों नाव संचालन पर रोक लगाई गई थी। अब परिस्थितियों में सुधार के बाद बड़ी मोटर बोट चलाने की अनुमति दी गई है। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंगा का जलस्तर दोबारा बढ़ने या मौसम खराब होने पर स्थिति की समीक्षा कर संचालन पर फिर से रोक लगाने का निर्णय लिया जा सकता है।

अन्य समाचार