– सलमान खान तो बहाना है, असल मकसद प्रोटेक्शन मनी का है
– कोई चारा नहीं डाल रहा है, तो खिजलाया बिश्नोई गैंग
फिरोज खान / मुंबई
मुंबई में कभी अंडरवर्ल्ड की दहशत का पर्याय रहे ९० के दशक की यादें एक बार फिर ताजा होने लगी हैं। बिश्नोई गैंग द्वारा बॉलीवुड में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहा है ताकि फिल्म इंडस्ट्री से प्रोटेक्शन मनी की वसूली की जाए। पिछले दो सालों में दो दर्जन से ज्यादा एक्सटार्शन के मामले आए हैं। धमकी पाने वालों में फिल्मी हस्तियों के अलावा बिल्डर भी शामिल हैं। अंडरवर्ल्ड सूत्रों का कहना है सलमान खान तो एक बहाना है, जबकि असल मकसद फिल्मी दुनिया में डर पैदा कर प्रोटेक्शन मनी की वसूली करना है। इस गैंग ने सबसे पहले सलमान खान को टारगेट करने की कोशिश की, क्योंकि सलमान फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम है, अगर वह डर गया तो बाकी के फिल्म स्टार अपने आप खौफ में आ जाएंगे। इसके बाद बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी, इसके पीछे सबसे बड़ी वजह बाबा सिद्दीकी के फिल्म स्टार से बड़े अच्छे संबंध थे। इसके अलावा कई बड़े कलाकारों, निर्देशकों और गायकों को सीधे तौर पर धमकी दी है। इससे भी बात नहीं बनी तो जनवरी २०२६ में रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर ‘शेट्टी टावर’ के बाहर ताबड़तोड़ फायिंरग की गई और गैंग ने जिम्मेदारी ली। और अब टायगर श्रॉफ को टारगेट किया गया। एक आला पुलिस अधिकारी का कहना है धमकियां और फायरिंग को अंजाम देने के बाद भी बिश्नोई गैंग की दाल नहीं गल रही, उसे कोई प्रोटेक्शन मनी नहीं दे रहा है, इसलिए वह बुरी तरह खिजलाया हुआ है। एक और पुलिस अफसर ने बताया बिश्नोई गैंग दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन की तरह फिल्मी दुनिया में खौफ पैदा कर हफ्ता वसूली करना चाहता है, लेकिन उसके मंसूबे पर पानी फिर रहा।इसकी सबसे बड़ी वजह समय बदल चुका है।पुलिस पहले से काफी एडवांस हो चुकी है। सीडीआर और एसडीआर सुविधा होने की वजह से हफ्ता वसूली की साजिश पहले ही नाकाम हो जाती है।
