जापान के आइची-नागोया में जारी एशियाई पैरा गेम्स २०२६ में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को भारत की पदक संख्या बढ़कर ५९ पहुंच गई। इसमें १४ स्वर्ण, २१ रजत और २४ कांस्य पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। महिला धाविका सिमरन ने १०० मीटर टी१२ स्पर्धा में १२.०२ सेकेंड के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। यह खेलों में उनका दूसरा स्वर्ण है। इससे पहले वह २०० मीटर टी१२ में भी स्वर्ण जीत चुकी हैं। पुरुषों की १०० मीटर टी४७ दौड़ में दिलीप गावित ने स्वर्ण, जबकि मोहम्मद मोर्सिंगनाकथ ने रजत पदक अपने नाम किया। ऊंची कूद की टी६४ स्पर्धा में प्रवीण कुमार ने २.०७ मीटर की छलांग लगाकर खेलों का रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण जीता। बंटी ने रजत पदक हासिल किया। वहीं गोला फेंक की एफ४६ स्पर्धा में सचिन खिलारी ने १५.८७ मीटर के थ्रो से स्वर्ण पदक जीता। मोहम्मद यासिर और परवीन ने क्रमश: रजत और कांस्य जीतकर भारत का दबदबा कायम किया। इस स्पर्धा के तीनों पदक भारत के खाते में आए।
