मुख्यपृष्ठअपराधगुंडागर्दी!..पंचमुखी मंदिर के पास जमकर चले लाठी-डंडे...वकील साहब की गाड़ी का फोड़ा...

गुंडागर्दी!..पंचमुखी मंदिर के पास जमकर चले लाठी-डंडे…वकील साहब की गाड़ी का फोड़ा शीशा!

-मवैया में देर रात दोस्तों के बीच भड़का ‘युद्ध’; तीन पर मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

राजेश सरकार / प्रयागराज

औद्योगिक क्षेत्र थाना के मवैया में शुक्रवार की काली रात को उस वक्त भारी बवाल हो गया, जब पंचमुखी मंदिर के पास कुछ रसूखदारों के बीच हुई मामूली कहासुनी झड़प में बदल गई। बात सिर्फ गाली-गलौज तक नहीं रुकी, बल्कि लाठी-डंडे निकालकर खुलेआम गदर मचाया गया। इस आपसी ‘युद्ध’ की गाज हाई कोर्ट के एक नामचीन वकील साहब की चमचमाती चार पहिया गाड़ी पर भी गिरी, जिसके शीशे हमलावरों ने बेरहमी से चकनाचूर कर दिए।
मिली जानकारी के मुताबिक, हाई कोर्ट के अधिवक्ता विपिन सिंह ने इस मामले में मवैया के ही रहने वाले तीन दबंगों भविष्य सिंह ठाकुर (पुत्र युवराज सिंह), राजसिंह और शिवम सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वकील साहब की तहरीर पर औद्योगिक पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी कुंडली खंगालने में जुट गई है।
पहले फार्म हाउस पर छलके जाम, फिर शुरू हुआ घमासान!
इलाके में दबी जुबान से यह चर्चा भी आम है कि यह कोई दो गुटों की दुश्मनी नहीं, बल्कि ‘यारों की गद्दारी’ का मामला है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर रात एक फार्म हाउस पर इन सभी दोस्तों की महफिल सजी थी। वहां किसी बात को लेकर मूंछ की लड़ाई शुरू हुई, जो देखते ही देखते थाने की चौखट तक पहुंच गई। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन इलाके में इस बात की पूरी चर्चा है कि आखिर पक्के दोस्तों के बीच ऐसा क्या हुआ, जो बात सीधे लाठी-डंडों और तोड़फोड़ पर आ गई। पुलिस का कहना है कि दूध का दूध और पानी का पानी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

अन्य समाचार