मुख्यपृष्ठविश्वडोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा...ऑपरेशन सिंदूर रुकवा दिया...!

डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा…ऑपरेशन सिंदूर रुकवा दिया…!

-डोनाल्ड ट्रंप और उनकी जुबान,
-दोनों जब चलते हैं तो दुनिया में ‘ड्रामा’
अपने चरम पर पहुंच जाता है। अमेरिका के मिडटर्म चुनाव हों और ट्रंप भइया कोई ऐसा शिगूफा न छोड़ें, ऐसा तो हो ही नहीं सकता!
इस बार उन्होंने मिडटर्म के अखाड़े में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ऐसा नारा उछाला कि लोग हैरान-परेशान हो गए। अब अमेरिकी जनता यह सोचकर सिर खुजला रही है कि ये ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आखिर किस बला का नाम है? क्या ट्रंप साब अब व्हाइट हाउस में शादी-ब्याह के ठेके लेने लगे हैं या फिर बॉलीवुड की फिल्मों से इंस्पिरेशन लेकर कोई नया पॉलिटिकल सीरियल शुरू किया है?
इतना ही नहीं, ट्रंप का दावा है कि उन्होंने चुटकी बजाते ही दुनिया के पूरे ‘८ युद्धों’ को सुलझा दिया! मतलब रूस-यूक्रेन हो या दुनिया का कोई और कोना, ट्रंप साब बस फोन उठाते हैं, कड़क आवाज में दो-चार बातें बोलते हैं और सामने वाले देश हाथ जोड़कर कहते हैं, ‘अरे ट्रंप भाई, आपने बोल दिया, अब तो युद्ध रोकना ही पड़ेगा!’
और फिर आया सबसे बड़ा ट्विस्ट! ट्रंप ने सीना ठोककर एलान कर दिया, ‘…लो जी, हमने तो ऑपरेशन सिंदूर भी रुकवा दिया!’
अब ये ऑपरेशन रुकवाया कैसे? शायद ट्रंप साब ने सीधे फोन घुमाया होगा और कहा होगा, ‘देखो भाई, सिंदूर-विंदूर सब अपनी जगह ठीक है, पर अमेरिका में मिडटर्म चुनाव हैं, हमें जीतना है! तो ये सब ड्रामा अभी बंद करो!’
माहौल ऐसा बन गया है कि मानो ट्रंप साहब कोई राजनेता नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के ‘सर्वशक्तिमान ताऊ’ बन चुके हैं। जो आते हैं, टीवी पर दो हुंकार भरते हैं और तीसरे विश्व युद्ध की संभावनाओं को भी चुटकी में टांके लगाकर रफू कर देते हैं! अमेरिकी जनता अब सोच रही है कि मिडटर्म का नतीजा जो भी हो, ट्रंप का यह ‘सिंदूरी अवतार’ और ८ युद्ध निपटाने की कहानी इतिहास के पन्नों में सबसे मजेदार पन्ना बनकर जरूर दर्ज होगी।

 

अन्य समाचार