– अवैध केमिकल फैक्ट्री का भंडाफोड़
– अब तक २५ गिरफ्तार
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस की अपराध प्रकटीकरण शाखा (क्राइम डिटेक्शन ब्रांच) कक्ष-४ ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक और उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण शाखा के प्रभारी पुलिस निरीक्षक प्रमोद बढ़ाख ने अपनी टीम के साथ तेलंगाना राज्य के संगारेड्डी जिले में पाशमैलाराम (पटनचेरु) इलाके में छापेमारी कर एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले मुख्य केमिकल की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने फैक्ट्री संचालक रमेश बाबू साके को गिरफ्तार कर करीब २७ लाख रुपए से अधिक मूल्य का रासायनिक पाउडर और लैब का सामान जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की शुरुआत २४ जून २०२६ को नालासोपारा पूर्व से हुई थी, जहां अविनाश उर्फ सोनू अय्यर और रविकांत राम नामक दो आरोपियों को ११२ ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब इसकी जांच क्राइम ब्रांच कक्ष-४ को सौंपी गई, तो कड़ियां जुड़ती चली गर्इं। जांच के दौरान पुलिस इससे पहले गुजरात के कच्छ और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रही अवैध ड्रग्स फैक्ट्रियों को भी नेस्तनाबूद कर चुकी है। अब तक इस हाई-प्रोफाइल मामले में कुल २५ आरोपियों को नालासोपारा, मुंबई, कल्याण, नेरल, जलगांव सहित गुजरात, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना से गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें ड्रग्स तस्कर, पैडलर, लैब चलाने वाले और वित्तीय लेन-देन संभालने वाले लोग शामिल हैं। पुलिस ने इस पूरे रैकेट से अब तक करीब ७० एमडी ड्रग्स, भारी मात्रा में नकदी, २६० लीटर २-ब्रोमो-४ मिथाइलप्रोपियोफेनोन नामक लिक्विड केमिकल और भारी मात्रा में लैब उपकरण बरामद किए हैं।
तीन राज्यों में ड्रग्स फैक्ट्रियों पर प्रहार
मीरा-भायंदर क्राइम ब्रांच ने तेलंगाना में एमडी ड्रग्स के लिए इस्तेमाल होने वाले केमिकल की अवैध फैक्ट्री पकड़ी। इससे पहले गुजरात के कच्छ और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार कर २७ लाख रुपए से अधिक का माल जब्त किया।
