-पृथ्वीराज चव्हाण का बड़ा दावा; अमेरिकी चुनावों से भारत की राजनीति तक संभावित असर पर चर्चा
सामना संवाददाता / सातारा
अमेरिका में एपस्टीन फाइल्स को लेकर जारी विवाद अब राजनीति के लिए बड़ा संकट बनता जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने दावा किया है कि इस मामले के खुलासों का असर भारत की राजनीति पर भी पड़ सकता है और देश में परिवर्तन अटल है। उनके इस बयान ने महाराष्ट्र से लेकर राष्ट्रीय राजनीति तक नई बहस छेड़ दी है।
पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के मुताबिक, एपस्टीन फाइल्स से जुड़े दो फोटो सामने आए हैं और आने वाले समय में तीसरा फोटो या वीडियो सामने आने की संभावना है। हालांकि, इन दावों और संभावित खुलासों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पृथ्वीराज चव्हाण ने अमेरिका में नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को दोनों सदनों में हार का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने ट्रंप के खिलाफ महाभियोग की संभावना भी जताई। यदि ऐसा होता है, तो अमेरिकी राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है।
भारत की सियासत में भूचाल?
पृथ्वीराज चव्हाण का कहना है कि जिस अमेरिकी संसद ने एपस्टीन से संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करने के लिए कानून बनाया, उसी प्रक्रिया के तहत अब इन दस्तावेजों को सामने लाया जा रहा है। उनके अनुसार, इन घटनाक्रमों की राजनीतिक गूंज भारत तक पहुंच सकती है। चव्हाण के इस बयान ने सत्ताधारी दल के लिए भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, भारत की राजनीति पर एपस्टीन फाइल्स का वास्तविक असर क्या होगा, यह आने वाले घटनाक्रमों से ही स्पष्ट होगा। फिलहाल, उनके परिवर्तन संबंधी दावे ने सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी है।
