मुख्यपृष्ठनए समाचारपत्रकारों पर कायरतापूर्ण हमले का मामला...अब सड़कों पर होगा शिंदे गुट और...

पत्रकारों पर कायरतापूर्ण हमले का मामला…अब सड़कों पर होगा शिंदे गुट और भाजपा के बीच महासंग्राम!

-मीरा-भायंदार मनपा के १६ भाजपा नगरसेवक शिंदे गुट के निशाने पर
सुरेश गोलानी / मुंबई
सत्ता के नशे में चूर होकर पत्रकारों और भ्रष्टाचार उजागर करने वाले सामाजिक कार्यकर्त्ताओं की आवाज दबाने की कोशिश करने वाले मीरा -भायंदर महानगरपालिका में भाजपा के नगरसेवकों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं, लेकिन अब भाजपा के उन १६ आरोपी नगरसेवकों को जनता की अदालत के कटघरे में खड़ा करने के लिए शिंदे गुट ने सड़क पर उतरकर आंदोलन करने का पैâसला किया है। २६ अक्टूबर से शिंदे गुट के पदाधिकारी संबंधित १६ नगरसेवकों के वार्डों में जाकर ‘धड़क जनआंदोलन’ छेड़ेंगे। शिंदे गुट के नेताओं ने साफ किया कि जिन पार्षदों को जनता ने चुनकर भेजा, उन्होंने ही मनपा के भीतर गुंडागर्दी कर कानून की धज्जियां उड़ाई हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिंदे गुट के शहर अध्यक्ष राजू भोईर के अनुसार, २६ अक्टूबर से शुरू हो रहे आंदोलन की इस शृंखला के तहत पार्टी कार्यकर्ता हर दिन शाम ७ बजे एक वार्ड में और रात ८ बजे दूसरे वार्ड में जाकर जनता के सामने इन नगरसेवकों का असली चेहरा बेनकाब करेंगे। आंदोलन के समापन पर शिंदे गुट ने आर-पार की लड़ाई का एलान किया है। १ नवंबर को भूमिपुत्रों और आदिवासियों की जमीनें हड़पने वाले और गरीबों के आशियानों पर बुलडोजर चलाने वाले इन गुंडों के मुख्य आका यानी ‘बकासुर’ का प्रतीकात्मक वध किया जाएगा।
शिंदे गुट ने सीधे नाम न लेते हुए एक तरह से स्थानीय भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता को ही ‘बकासुर’ की उपाधि दी है, जिससे दोनों दलों के बीच का तनाव चरम पर पहुंच गया है। ज्ञात हो कि १६ अक्टूबर को मीरा-भायंदर मनपा की महासभा में वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर सत्ताधारी भाजपा के नगरसेवकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान जब वहां मौजूद मीडियाकर्मी अपना कर्तव्य निभाते हुए कवरेज कर रहे थे, तो नगरसेवकों ने आपा खोते हुए पत्रकारों को निशाना बनाया था। इस मामले में मनपा प्रशासन ने भी पुलिस को पत्र लिखकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, लेकिन पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े विशेष कानून (पत्रकार संरक्षण अधिनियम) के तहत कार्रवाई न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

अन्य समाचार