मुख्यपृष्ठनए समाचारफ्लाईओवर खुला, कनेक्टिविटी अधूरी!

फ्लाईओवर खुला, कनेक्टिविटी अधूरी!

– जीएमएलआर से कोस्टल रोड को जोड़ने वाला रास्ता अब भी बाकी
– ३८ में से सिर्फ ११ पिलर ही हुए हैं पूरे
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबईकरों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए बड़ी-बड़ी सड़क परियोजनाएं बनाई जा रही हैं, लेकिन इन्हें आपस में जोड़ने वाले रास्तों की हकीकत सवाल खड़े कर रही है। गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) के तहत दिंडोशी कोर्ट से दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी तक १.२६ किमी का फ्लाईओवर २२ अक्टूबर को यातायात के लिए खोल दिया गया। मगर इसे कोस्टल रोड से जोड़ने वाला कनेक्टर अलग से बनना है। यानी फ्लाईओवर खुलने के बावजूद पूरी कनेक्टिविटी अभी बाकी है।
कोस्टल रोड नॉर्थ के पैकेज-बी में गोरेगांव से ओबेरॉय मॉल की दिशा में बन रहे एलिवेटेड मार्ग के ३८ पिलरों में से ११ ही पूरे हुए हैं। पानी की पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम भी जारी है। मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े ने निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर बाधाएं दूर करने के निर्देश दिए, लेकिन शेष काम कब पूरा होगा, इसकी स्पष्ट समयसीमा सार्वजनिक नहीं की गई। दिंडोशी की तरफ बीच की चार लेन को पैकेज-बी से जोड़ने के लिए छोड़े जाने की जानकारी भी सामने आई है।
गोरेगांव में मौजूदा एमटीएनएल फ्लाईओवर को तोड़े बिना उसके ऊपर से नया एलिवेटेड कनेक्टर बनाने की योजना है। मालाड के माइंडस्पेस में पाइलिंग जारी है, जबकि माइंडस्पेस से कांदिवली के चकपाड़ा तक दो भूमिगत सुरंगें प्रस्तावित हैं।

अन्य समाचार