सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थानांतर्गत शनिवार की दोपहर फिर सड़क हादसा हो गया, जिसमें बिहार राज्य निवासी दो व्यक्तियों की जान चली गई। जबकि महिला समेत सात लोग घायल हो गए हैं। दो कारों की आमने सामने ये भीषण भिड़ंत दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौली गांव के पास हुई। घायलों को सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया।घटनाक्रम के अनुसार, आर्टिगा कार आजमगढ़ से लखनऊ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लखनऊ से गाजीपुर की तरफ जा रही स्विफ्ट डिजायर कार कथित तौर पर गलत दिशा में आ गई। इसके बाद दोनों कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए।
हादसे में स्विफ्ट डिजायर कार सवार श्याम बिहारी सिंह (६२) पुत्र टिक्कू सिंह और अजय कुमार गुप्ता (४०) पुत्र देवेंद्र, निवासी बिहार की मौके पर ही मौत हो गई। इसी कार में सवार कन्हैया पुत्र ध्यान सिंह और अशोक कुमार यादव निवासी बेतिया, बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी दोस्तपुर में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। दूसरी ओर, आर्टिगा कार में सवार रीता (४५) पत्नी राजेश कुमार, उनकी बेटियां दीक्षा (१८) और दीपशिखा (२१), गरिमा (२५) पुत्री विनोद तथा संदीप यादव (३०) पुत्र सुरेश यादव, निवासी कलदपुर, आजमगढ़ घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी दोस्तपुर में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, रीता के बेटे की शादी नवंबर में होनी है। परिवार शादी की खरीदारी करने के लिए लखनऊ जा रहा था। सूचना पाकर पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएचसी दोस्तपुर में अधीक्षक डॉ. अजीत, डॉ. आरके पांडेय और डॉ. आज्ञाराम यादव ने घायलों का उपचार किया। राहत एवं बचाव कार्य में दोस्तपुर के क्राइम इंस्पेक्टर सूबेदार यादव और उपनिरीक्षक अनूप सिंह भी शामिल रहे।
