मुख्यपृष्ठनए समाचारदिंडोशी कोर्ट में पुलिस को चकमा...हत्या के प्रयास का आरोपी धक्का देकर...

दिंडोशी कोर्ट में पुलिस को चकमा…हत्या के प्रयास का आरोपी धक्का देकर फरार… ऑटो पकड़कर हुआ गायब… मुंबई पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई में अदालत के भीतर आरोपियों की सुरक्षा और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी एक विचाराधीन कैदी पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी अदालत परिसर से निकलकर सड़क पार कर गया और ऑटो रिक्शा पकड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मुंबई पुलिस में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान इब्राहिम साजिद मुजावर के रूप में हुई है। उसे आर्थर रोड जेल से आवश्यक वारंट के साथ दिंडोशी अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। दोपहर करीब 2 बजे आरोपी को अदालत में पेश किया गया। कार्यवाही पूरी होने के बाद शाम करीब 4:15 बजे उसे वापस जेल ले जाने की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी को अचानक धक्का दिया और उसकी हिरासत से निकलकर सड़क पार कर गया। पुलिसकर्मी ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ऑटो रिक्शा पकड़कर फरार हो गया। घटना के बाद कुरार पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फिलहाल फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

अन्य समाचार