मुख्यपृष्ठग्लैमर“संघर्ष को सीख मानती हूं” : ‘नेशनल क्रश’ बनीं तान्या मिश्रा

“संघर्ष को सीख मानती हूं” : ‘नेशनल क्रश’ बनीं तान्या मिश्रा

हिमांशु राज

सोशल मीडिया पर बिहार के गया से निकलीं मॉडल-अभिनेत्री तान्या मिश्रा इन दिनों ‘नेशनल क्रश’ के रूप में खूब चर्चा में हैं। उनकी तस्वीरों, फैशन सेंस और स्क्रीन प्रेजेंस के चलते फैंस उन्हें देश की नई ‘नेशनल क्रश’ कह रहे हैं। इससे पहले रश्मिका मंदाना, प्रिया प्रकाश वारियर और तृप्ति डिमरी जैसी अभिनेत्रियों को यह टैग मिल चुका है। तान्या ने ‘गजनवी’, ‘चेज’ और वेब सीरीज ‘चिड़िया उड़’ में काम किया है। अब वे ‘सफर मोहब्बत का’ म्यूजिक वीडियो के साथ साउथ की एक बड़ी फिल्म में भी नजर आएंगी। `दोपहर का सामना’ के लिए ‘हिमांशु राज’ से खुलकर बातचीत करते हुए तान्या ने अपने संघर्ष, सपनों और करियर को लेकर बेबाकी से बात की।

प्रश्न: सोशल मीडिया पर आपको ‘नेशनल क्रश’ कहा जा रहा है, इसे लेकर आपकी प्रतिक्रिया क्या है?
तान्या मिश्रा: मेरे एक मित्र ने मेरी तस्वीर पोस्ट की थी, जिसे लाखों लोगों ने देखा। मुझे उम्मीद नहीं थी कि एक तस्वीर रातोंरात सब कुछ बदल देगी। इससे पहले रश्मिका मंदाना, प्रिया प्रकाश वारियर, तृप्ति डिमरी और गिरिजा ओक को यह टैग मिल चुका है। अच्छा लग रहा है कि अब प्रोजेक्ट आ रहे हैं। मेरे नेशनल क्रश बनने की कहानी सपने जैसी है।

प्रश्न: आप किन प्रोजेक्टस पर काम कर रही हैं?
तान्या मिश्रा: एक रियलिटी शो के लिए बातचीत चल रही है और एक बड़े अभिनेता के साथ मेरी फिल्म भी प्रगति पर है। नाम फिलहाल नहीं बता सकती। हाल में मलेशिया से लौटी हूं और बैक-टू-बैक प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हूं। मैं अपने काम से प्यार करती हूं और ईश्वर की शुक्रगुजार हूं।

प्रश्न: आपका गया से मुंबई तक का सफर कैसा रहा?
तान्या मिश्रा: मैं रूढ़िवादी ब्राह्मण परिवार से हूं और मेरे पिता चिकित्सक हैं। परिवार चाहता था कि मैं पढ़ूं और अच्छी नौकरी करूं। मैंने मगध विश्वविद्यालय से बीकॉम किया और सीए के पास ट्रेनिंग ली। वहीं एक फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े व्यक्ति ने कहा कि तुम्हें इंडस्ट्री में होना चाहिए। उनकी बात ने मेरे सोए हुए सपने को जगा दिया।

प्रश्न: मुंबई पहुंचने के बाद शुरुआती दिन कैसे बीते?
तान्या मिश्रा: मैं बिना योजना के ट्रेन से मुंबई आ गई। कल्याण स्टेशन पर पहुंचकर मैंने पूछा कि मुंबई कब आएगी, तो पता चला कि मैं मुंबई में ही हूं। मेरे लिए कल्याण ही मुंबई था। जिस व्यक्ति की सलाह पर आई थी, उसका फोन बंद मिला। मैं रोने लगी, लेकिन एक रिश्तेदार की मदद से डोंबिवली में रहने की जगह मिली।

प्रश्न: पहला बड़ा अवसर कैसे मिला?
तान्या मिश्रा: डोंबिवली से अंधेरी आते-जाते एक कास्टिंग डायरेक्टर से मुलाकात हुई। उन्होंने पूछा कि मैं क्या करना चाहती हूं, तो मैंने कहा कि मैं अभिनेत्री बनना चाहती हूं। उन्होंने मुझे हिंदुस्तान पेट्रोलियम के विज्ञापन का अवसर दिया। शूट के करीब 15 दिन बाद मेरे होर्डिंग्स शहर-शहर लग गए और कई प्रोजेक्ट आने लगे।

प्रश्न: इंडस्ट्री में संघर्ष कैसा रहा?
तान्या मिश्रा: जब लोगों को पता चला कि मैं इंडस्ट्री के बाहर से हूं, तो कई रिजेक्शन मिले। मैंने कई प्रोजेक्ट भी छोड़े, क्योंकि अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करना चाहती थी। मैं इसे संघर्ष नहीं, बल्कि जीवन की सीख मानती हूं। मैंने ‘गजनवी’, ‘चेज’ और वेब सीरीज ‘चिड़िया उड़’ में काम किया है। अब ‘सफर मोहब्बत का’ म्यूजिक वीडियो में दिखूंगी।

प्रश्न: महिला सशक्तिकरण पर आपकी क्या राय है?
तान्या मिश्रा: महिलाओं को अपनी कमजोरियों पर काम करना होगा और आत्मनिर्भर बनना होगा। मैं एक ऐसी संस्था से जुड़ी हूं, जो महिलाओं को अवसर और दिशा देने के लिए काम करती है। मेरा मानना है कि शिक्षा, कौशल और आत्मविश्वास से ही सशक्तिकरण संभव है।

प्रश्न: बोल्ड सीन या संवादों को लेकर आपका रुख क्या है?
तान्या मिश्रा: अगर कहानी और किरदार की मांग हो, तो बात बन सकती है, लेकिन बिना जरूरत मैं ऐसा कुछ नहीं करूंगी। सपने हकीकत बनाने के लिए धैर्य, मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है।

अन्य समाचार