मुख्यपृष्ठअपराधफर्स्ट कॉपी का फर्जीवाड़ा : ब्रांडेड कंपनियों के नकली जूतों पर पुलिस...

फर्स्ट कॉपी का फर्जीवाड़ा : ब्रांडेड कंपनियों के नकली जूतों पर पुलिस का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’

-७.२८ लाख रुपए का नकली माल जब्त

सुरेश गोलानी / मुंबई

अंतरराष्ट्रीय स्तर की नामी कंपनियों के नकली लोगो और लेबल का इस्तेमाल कर बाजार में नकली जूते बेचने वालों के खिलाफ असली ब्रांड के प्रतिनिधियों और पुलिस ने मिलकर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में नयानगर पुलिस ने मीरा रोड के विभिन्न दुकानों पर छापेमारी कर करीब ७ लाख ८२ हजार ९५० रुपए का नकली माल जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने कॉपीराइट अधिनियम के तहत चार दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ‘लेजिस्ट आईपीआर सर्विसेज लिमिटेड’ कंपनी के प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह फौजदार को मीरा रोड इलाके में नाइकी और एडिडास जैसी प्रसिद्ध कंपनियों के नकली जूते बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इस शिकायत के आधार पर नयानगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने क्षेत्र की चार प्रमुख दुकानों-रेड रॉक, सोल स्टोर, जस्ट वॉक और शाहीन फुटवियर पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकानों से भारी मात्रा में हू-ब-हू असली जैसे दिखने वाले नकली जूते और नामी कंपनियों के खाली बॉक्स बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में नदीम चौहान, जुनेद खान, तौसीफ अन्सारी और अशरफ कुरेशी के खिलाफ कॉपीराइट कानून की धारा ५१ और ६३ के तहत मामला दर्ज किया है। इस पूरे मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक तुकाराम सकंडे कर रहे हैं।

अन्य समाचार