-चिता सजवाई, खुद लेटा और फोटो खिंचा कर फैला दिया मरने की अफवाह!
मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के थाना कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने शातिर और चौंकाने वाले मामले का खुलासा किया है। हत्या के मुकदमे में ट्रायल के दौरान खुद को मृत दिखाकर फरार चल रहे राजू उर्फ राजकुमार राजभर (38) को पुलिस ने रविवार की सुबह 9:10 बजे ख्वाजाजहांपुर मुहल्ले से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। हत्या में सजा से बचने के लिए उसने उसने खुद को सरकारी अभिलेखों में मृत घोषित कर दिया था। इसके लिए 30 मई 2025 को गाजीपुर जिले के श्मशान घाट पर बकायदा चिता सजवाई। जिसमें परिवार के लोग शामिल थे।
एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि ख्वाजाजहांपुर मुहल्ला निवासी राजू उर्फ राजकुमार राजभर और उसके दोस्त गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना के मोहल्ला लाल भीतर निवासी सुदर्शन राजभर पर हत्या के आरोप में न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। दोनों ने 19 दिसंबर 2016 को कोतवाली क्षेत्र के मुंशीपुरा रेलवे लाइन के पास गोली मारकर दोहरीघाट थाना क्षेत्र के नगरीपार गांव निवासी योगेश सिंह की हत्या कर दी थी। उनके भतीचे अविनाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया।
