मुख्यपृष्ठनए समाचारएक पुल खुला, अब दूसरे पर ताला!

एक पुल खुला, अब दूसरे पर ताला!

-दिवाली के बाद धारावी आरओबी तोड़ने की तैयारी
-ट्रैफिक मंजूरी से लेकर एंबुलेंस की राह तक कई सवाल

सामना संवाददाता / मुंबई

लंबे इंतजार के बाद सायन आरओबी खुला तो अब धारावी आरओबी बंद करने की तैयारी है। मध्य रेलवे दिवाली के बाद धारावी पुल को तोड़कर सीएसएमटी-कुर्ला के बीच पांचवीं और छठी रेल लाइन बिछाने का रास्ता साफ करना चाहती है, लेकिन इस पैâसले का सीधा असर सायन और माहिम के बीच सड़क से सफर करने वालों पर पड़ सकता है। चिंता इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि सायन पुल बंद रहने के दौरान धारावी आरओबी पर यातायात का दबाव बढ़ चुका है। ऐसे में सवाल है कि पिछली परेशानी से सबक लेकर इस बार क्या ठोस व्यवस्था की गई है?
पुल तोड़ने की तैयारी, लेकिन जरूरी मंजूरियां बाकी
मनपा ने प्रस्तावित नए धारावी पुल की जनरल अरेंजमेंट ड्रॉइंग (जीएडी) को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। लेकिन पुल बंद करने से पहले ट्रैफिक पुलिस की अनुमति, वैकल्पिक रास्तों और तोड़ने के कार्यक्रम को अंतिम रूप देना बाकी है। पुल पर मौजूद केबल, तार और डक्ट जैसी सार्वजनिक सेवाओं को भी स्थानांतरित करना होगा। पैदल यात्रियों के लिए नया फुटओवर ब्रिज बनाने की योजना भी है। यानी पुल बंद करने की घोषणा के साथ ही नागरिकों की आवाजाही की पूरी व्यवस्था तैयार होने की पुष्टि नहीं हुई है।
सायन में जाम का अनुभव, फिर वही चुनौती!
सायन आरओबी को अगस्त २०२४ में बंद किया गया था। इसके पुनर्निर्माण के दौरान वैकल्पिक मार्गों पर यातायात का दबाव और यात्रियों की परेशानी सामने आई थी। पुल के पुनर्निर्माण की समयसीमा भी आगे बढ़ी। अब धारावी आरओबी बंद होने पर सायन और माहिम के बीच आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। पुल के एक छोर पर सायन अस्पताल होने से एंबुलेंस की आवाजाही और मरीजों तक पहुंच का रास्ता खुला रखना भी जरूरी है।
सड़क पर जाम का जिम्मेदार कौन?
पांचवीं और छठी रेल लाइन से सीएसएमटी-कुर्ला खंड पर उपनगरीय रेल सेवाओं की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सड़क यातायात की समस्याओं को नजरअंदाज किया जाए। मध्य रेलवे, मनपा और ट्रैफिक पुलिस को पुल बंद होने की तारीख, वैकल्पिक मार्गों, पैदल यात्रियों की व्यवस्था और पुनर्निर्माण की समयसीमा स्पष्ट करनी चाहिए।

अन्य समाचार