अनिल मिश्र / पटना
रोहतास जिले के कोचस बाजार में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए आभूषण की दुकान में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने हथियार के बल पर आभूषण कारोबारी को बंधक बनाया और दुकान में रखे नकदी व आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि स्थानीय कारोबारियों और लोगों में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूटे गए नकदी और आभूषणों की कीमत करीब तीन करोड़ रुपये होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, लूट की वास्तविक राशि और आभूषणों के मूल्य की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल, पुलिस की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के एसपी मिस्टर राज मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की गई। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। दिनदहाड़े बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इधर, पुलिस मामले के जल्द उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस बड़ी वारदात में शामिल अपराधियों तक कितनी जल्दी पहुंच पाती है।यह आने वाले समय ही बताएगा। आपको जानकारी दे दें कि रोहतास जिले के कोचस बाजार स्थित ‘न्यू कंचन ज्वेलर्स’ में चार अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपराधी ग्राहक बनकर दुकान में घुसे, हथियार के बल पर दुकानदार के छोटे भाई को बांधा और करीब तीन करोड़ रुपये के सोने-चांदी के गहने व दो लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। रोहतास एसपी राज मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं।
