मुख्यपृष्ठनए समाचारटाटा को बर्बाद करने पर तुली सत्ता!

टाटा को बर्बाद करने पर तुली सत्ता!

 -राहुल गांधी का मोदी-शाह पर सीधा हमला
-नेता प्रतिपक्ष बोले, ‘भारतीय उद्योग तुम्हारा खिलौना नहीं!’

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

टाटा समूह में चेयरमैन की दोबारा नियुक्ति को लेकर छिड़ा विवाद अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है और देश के कारोबारी सरकार के डर से चुप बैठे हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच `एक्स’ पर लिखा, ‘भारतीय उद्योग मोदी और शाह का खिलौना नहीं है।’ उन्होंने कारोबारियों से सवाल किया कि वे आखिर कब तक चुप रहेंगे? क्या तब तक, जब तक उन पर पूरी तरह कब्जा नहीं हो जाता? राहुल ने कहा कि उनमें इन मुद्दों पर आवाज उठाने की हिम्मत नहीं है, लेकिन कांग्रेस इन कथित गलत कामों के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ेगी। यह बयान टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की आपत्तियों के बीच आया है। नोएल टाटा ने आरोप लगाया है कि १७ सितंबर को हुई बोर्ड बैठक में नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव पर जरूरी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। उनका दावा है कि बैठक के एजेंडे में इस प्रस्ताव का स्पष्ट उल्लेख नहीं था, फिर भी इसे मतदान के लिए रखा गया। नोएल टाटा ने बैठक के ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड, अंतिम कार्यवृत्त और प्रस्ताव की प्रमाणित प्रति भी मांगी है। २६ अक्टूबर को लिखे पत्र में उन्होंने प्रस्ताव को अमान्य बताते हुए कंपनी के आंतरिक नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया। हालांकि, राहुल गांधी ने टाटा समूह के इस आंतरिक विवाद में केंद्र सरकार की कथित भूमिका को लेकर कोई विशिष्ट प्रमाण या विवरण सार्वजनिक नहीं किया है। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया पर उठे सवालों के साथ-साथ सरकार पर लगाए गए आरोप भी चर्चा के केंद्र में हैं।

अन्य समाचार