– पंचवटी ऑफलाइन, इंटरनेट ठप
-सुरक्षा के नाम पर नासिककरों की डिजिटल नाकेबंदी
सुनील ओसवाल / नासिक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ३१ अक्टूबर को प्रस्तावित दौरे और ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों के बीच प्रशासन की कार्रवाई ने पंचवटी के नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुरक्षा के नाम पर दौरा मार्ग पर ओवरहेड तार हटाने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मंगलवार, २७ अक्टूबर को पंचवटी के कई इलाकों में केबल और इंटरनेट सेवाएं ठप हो गर्इं, जबकि कुछ उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की शिकायत सामने आई। इंटरनेट बंद होने से बैंकिंग लेन-देन, सरकारी कार्यालयों, निजी प्रतिष्ठानों और ऑनलाइन सेवाओं का कामकाज प्रभावित हुआ। त्योहारों के मौसम में नागरिकों को हुई इस परेशानी ने प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ३१ अक्टूबर को नासिक दौरे पर आने वाली हैं। ध्वजारोहण समारोह को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा संबंधी उपाय किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संबंधित मार्ग पर ओवरहेड तारों और केबलों को हटाया गया, लेकिन इस कार्रवाई से इंटरनेट सेवाएं बाधित होंगी, इसका आकलन किया गया था या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। डिजिटल युग में इंटरनेट के बिना सरकारी और व्यावसायिक कामकाज प्रभावित होना स्वाभाविक है। ऐसे में सवाल उठता है कि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते समय वैकल्पिक इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की योजना क्यों नहीं बनाई गई?
सरकारी कार्यालयों, बैंकों, पुलिस थानों, आरटीओ, फॉरेंसिक लैब और विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़े केंद्रों का कामकाज इंटरनेट पर निर्भर है। ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन, भुगतान और बैंकिंग लेन-देन जैसे जरूरी काम बाधित होने से नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऑनलाइन कारोबार करने वाले व्यापारियों को भी काम समय पर पूरा करने में दिक्कत हुई। इंटरनेट सेवा प्रदाताओं के शिकायत केंद्रों पर दोपहर से लगातार शिकायतें आने की जानकारी सामने आई। कई उपभोक्ताओं ने मोबाइल इंटरनेट की गति धीमी होने की भी शिकायत की।
