मुख्यपृष्ठनए समाचारत्योहारों से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट...महिला सुरक्षा को लेकर सड़कों पर उतरीं...

त्योहारों से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट…महिला सुरक्षा को लेकर सड़कों पर उतरीं डीसीपी गीतांजलि खंडेलवाल

 -ढाई किलोमीटर पैदल मार्च कर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा…बाजारों में महिलाओं से किया सीधा संवाद

योगेश कुमार सोनी / पूर्वी दिल्ली

राजधानी दिल्ली में त्योहारों का मौसम शुरू होते ही दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में शाहदरा जिला पुलिस की ओर से आनंद विहार सब-डिवीजन में विशेष पैदल मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
शाहदरा जिला की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (प्रथम) गीतांजलि खंडेलवाल के नेतृत्व में एसीपी आनंद विहार पवन कुमार, इंस्पेक्टर विवेक विहार हरकेश गाबा और इंस्पेक्टर आनंद विहार मनीष कुमार ने दिल्ली पुलिस के जवानों तथा पैरामिलिट्री फोर्स के साथ करीब ढाई किलोमीटर तक पैदल मार्च किया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया।
पैदल मार्च के दौरान महिला पुलिस अधिकारी ने बाजारों में खरीदारी कर रही महिलाओं से रुककर बातचीत की और उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। महिला अधिकारी को अपने बीच पाकर महिलाओं ने भी खुशी जाहिर की। महिलाओं का कहना था कि पुलिस अधिकारी जब खुद सड़क पर उतरकर उनका हालचाल पूछते हैं तो उनमें सुरक्षा का भरोसा बढ़ता है।
इस दौरान डीसीपी गीतांजलि खंडेलवाल ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान बाजारों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

अन्य समाचार