-कहा वाराणसी प्रशासन उन्हें एमएलसी चुनाव हराना चाहता था, लेकिन बाबा विश्वनाथ ने उन्हें दिया डबल आशीर्वाद
उमेश गुप्ता / वाराणसी
मंगलवार को वाराणसी पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। काशी की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा, यही हमारे लिए शुभ है। इसलिए वही काम करेंगे, जो शुभ होगा। वाराणसी के राजेंद्र विहार कॉलोनी सुंदरपुर स्थित राजेश सिंह के आवास पर मंगलवार को प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन उन्हें एमएलसी चुनाव हराना चाहता था, लेकिन बाबा विश्वनाथ ने उन्हें डबल आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में दालमंडी में उजाड़े गए व्यापारी और दुकानदार भी मुद्दा बनेंगे।
उनके साथ हुई कार्रवाई का जवाब जनता चुनाव में देगी। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा कई मंत्रियों समेत करीब 200 विधायकों के टिकट काटने जा रही है। उन्होंने गंगा को लेकर भी भाजपा पर तंज कसा। कहा कि मां गंगा ने जिन्हें बुलाया था, उन्होंने ही गंगा को भुला दिया। इससे पहले अखिलेश यादव सीरगोवर्धनपुर पहुंचे और दिवंगत सपा जिला उपाध्यक्ष राजेश यादव नत्थू को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष का कुशलक्षेम जाना।
