मुख्यपृष्ठनए समाचारदीपोत्सव के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट!

दीपोत्सव के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

दीपावली के अवसर पर अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव पर्व की संवेदनशीलता को देखते हुये भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस मौके पर बढ़ते आवागमन को देखते हुए एसएसबी ने चौकसी बढ़ा दी है। रुपईडीहा सीमा पर आने-जाने वाले लोगों के पहचान पत्रों की जांच की जा रही है। चार पहिया वाहनों का विवरण भी दर्ज किया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों, स्कैनर, डॉग स्क्वायड व फेस रीडिंग तकनीक की मदद ली जा रही है।यूपी में भारत- नेपाल सीमा की लंबाई करीब 579 किलोमीटर है।इसमें पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज जिले पड़ते हैं। यहां एसएसबी के अलावा पीएसी की 42वीं, 59वीं और 70वीं वाहिनी के जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 42वीं वाहिनी रुपईडीहा क्षेत्र में करीब 30 किलोमीटर सीमा पर निगरानी की जा रही है। मिहींपुरवा क्षेत्र में मांद नाले के पास 59वीं वाहिनी और कतर्नियाघाट व निशानगाड़ा क्षेत्र में 70वीं वाहिनी के जवान तैनात हैं।
त्योहारी खरीदारी के कारण सीमा पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। भारतीय सीमावर्ती क्षेत्र के लोग खरीदारी के लिए नेपाल के बांके जिले के नेपालगंज शहर पहुंच रहे हैं। रुपईडीहा बीओपी से सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 25 से 30 हजार लोगों का आवागमन होता है, लेकिन इन दिनों यह संख्या लगभग डेढ़ गुना हो गई है। 42वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गिरीश चंद पांडेय ने बताया कि सीमा पार करने वालों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, नागरिकता प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।उन्होंने बताया कि चार पहिया वाहनों का ब्योरा भी दर्ज किया जा रहा है। अवांछित गतिविधियों को रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जवान सतर्क हैं। ग्रामीण रास्तों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।”

अन्य समाचार