-अब एसआरए को सौंपी सेहत की जिम्मेदारी
-स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट से शहरी गरीबी का गंभीर चेहरा उजागर; झुग्गी क्षेत्रों में आंगनवाड़ी और पोषण सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
सामना संवाददाता / मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पांच हजार से अधिक बच्चों के कुपोषित होने की जानकारी सामने आने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण को पोषण सुधार की जिम्मेदारी सौंपी है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में विशेष रूप से गोवंडी, शिवाजी नगर और खार जैसे झुग्गी बहुल क्षेत्रों में बच्चों के मध्यम स्तर के कुपोषण की समस्या सामने आई है। सरकार ने झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण को ऐसे क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण और बच्चों के लिए पोषण संबंधी सुविधाओं की व्यवस्था करने को कहा है।
मुंबई में झुग्गी पुनर्वास योजनाओं का मुख्य ध्यान आवास निर्माण पर रहता है। लेकिन नई पहल ने यह सवाल उठाया है कि पुनर्विकास के साथ बच्चों की सेहत, शिक्षा और पोषण को कितनी प्राथमिकता मिलती है। कुपोषण का संबंध केवल भोजन की मात्रा से नहीं है। संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल, संक्रमण, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और परिवार की आर्थिक स्थिति भी महत्वपूर्ण हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी और आवश्यक उपचार की व्यवस्था जरूरी है। सरकारी निर्देशों की सफलता इस बात से तय होगी कि आंगनवाड़ी केंद्र वास्तव में कितने बच्चों तक पहुंचते हैं। सवाल है कि करोड़ों रुपए की पुनर्विकास परियोजनाओं के बीच गरीब बच्चों को पर्याप्त पोषण कब मिलेगा?
