मुख्यपृष्ठटॉप समाचारमतदाता घर में मौजूद...वोटर लिस्ट में पता बदल गया!

मतदाता घर में मौजूद…वोटर लिस्ट में पता बदल गया!

-पुणे में चुनावी रिकॉर्ड का नया खेल
-बिना घर बदले दूसरे क्षेत्रों में दर्ज हो गए मतदाता; फॉर्म-८ के सत्यापन में खामियां सामने आईं, चुनाव अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश

सामना संवाददाता / पुणे

महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बीच पुणे से गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इंडियन एक्सप्रेस की खोजी रिपोर्ट में ऐसे मतदाता मिले हैं, जिन्होंने अपना निवास नहीं बदला, लेकिन चुनावी रिकॉर्ड में उनके पते बदल दिए गए। जांच के अनुसार, कुछ मामलों में मतदाताओं के स्थानांतरण के लिए फॉर्म-८ के आवेदन स्वीकार किए गए, जबकि बूथ लेवल अधिकारियों ने मौके पर जाकर सत्यापन नहीं किया था। एक मतदाता का पता बदलने के बाद पुराने विधानसभा क्षेत्र की सूची से उसका नाम हटाने की प्रक्रिया स्वत: शुरू हो जाती है। इस व्यवस्था में गलत आवेदन स्वीकार होने से वास्तविक मतदाता अपने मूल मतदान केंद्र से बाहर हो सकता है।
पुणे जिला चुनाव प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। कुछ आवेदनों के संबंध में पुलिस शिकायत भी दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में पिंपरी, ठाणे और खड़कवासला सहित विभिन्न क्षेत्रों में सत्यापन संबंधी खामियों का उल्लेख है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम ने मामले में कार्रवाई और स्पष्टीकरण मांगा है। चुनाव आयोग ने बाद में डिजिटल हस्ताक्षर संबंधी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की है, लेकिन मूल सवाल कायम है कि मतदाता की जानकारी और सहमति के बिना उसका पता बदलने की कोशिश किसने की और गलत आवेदनों को मंजूरी कैसे मिली?
‘लोकतंत्र की जगह मैनेज तंत्र’ …राहुल गांधी का बड़ा दावा
राहुल गांधी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक सहमति की जगह अब नियंत्रित और मैनेज की गई व्यवस्था लेती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है और लोकतंत्र की बुनियाद कमजोर की जा रही है। उन्होंने चुनावी अनियमितताओं को केवल किसी एक राज्य का मामला मानने के बजाय देश के लोकतांत्रिक भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
ऐसी धांधली के बाद चुनाव वैध कैसे?
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने महाराष्ट्र की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और मतदान के आंकड़ों में संदिग्ध बढ़ोतरी का मुद्दा उठाते हुए सीधा सवाल किया कि जब चुनाव प्रक्रिया ही संदेह के घेरे में है, तो ऐसे में उस चुनाव को वैध वैâसे माना जा सकता है? राहुल गांधी के इस सवाल ने महाराष्ट्र की चुनावी राजनीति में एक बार फिर हलचल मचा दी है।
हैदराबाद में आयोजित भारत समिट २०२६ में बोलते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच महज पांच महीने के भीतर करीब ४० लाख नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए। उन्होंने इस असामान्य बढ़ोतरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में नए मतदाता अचानक कहां से आ गए? मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया कितनी पारदर्शी थी और इसकी निष्पक्ष जांच क्यों नहीं हुई? राहुल गांधी ने मतदान के बाद वोटिंग प्रतिशत में अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर भी चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान खत्म होने के बाद आधिकारिक आंकड़ों में जिस तरह बदलाव देखने को मिला, वह गंभीर संदेह पैदा करता है।

अन्य समाचार