मुख्यपृष्ठनए समाचारशिवसेनाप्रमुख का मंगलवार को स्मृतिदिन

शिवसेनाप्रमुख का मंगलवार को स्मृतिदिन

-`शक्तिस्थल’ पर होगा शिवतेज अवतरित

सामना संवाददाता / मुंबई

हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के १४वें स्मृतिदिन के अवसर पर मंगलवार १७ नवंबर को शक्तिस्थल पर मुंबई व महाराष्ट्र सहित देशभर से निष्ठावान शिवसैनिकों का जनसैलाब उमड़ेगा। हजारों शिवसैनिक, शिवप्रेमी और आम नागरिक शिवतीर्थ पहुंचकर शिवसेनाप्रमुख की स्मृतियों को नमन करेंगे और उनकी तस्वीर के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस अवसर पर शक्तिस्थल पर मानो शिवतेज का अवतरण होगा। स्मृतिदिन के आयोजन को लेकर पुलिस, मनपा और शिवसेना की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

प्रखर हिंदुत्व के सेनापति और विश्वविख्यात कार्टूनिस्ट हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे ने मराठी माणूस के दिल में आत्मसम्मान की अलख जगाई। उन्होंने महाराष्ट्र की जनता को स्वाभिमान और सिर उठाकर जीने का साहस दिया। साथ ही हिंदू समाज में प्रखर राष्ट्रवाद की अलख जगाई। ऐसे महान व्यक्तित्व के निर्वाण के बाद प्रत्येक वर्ष उनके स्मृतिदिन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शक्तिस्थल पर हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। इनमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ आम नागरिक भी शामिल होते हैं। भारी भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस, मनपा और शिवसेना की ओर से व्यापक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का इंतजाम किया जाता है।
मनपा की सुविधाएं, पुलिस का कड़ा बंदोबस्त
शिवसेनाप्रमुख के स्मृतिदिन के अवसर पर मनपा की ओर से शक्तिस्थल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं मुंबई पुलिस की ओर से छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान और आसपास के पूरे परिसर में कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त तैनात किया जाएगा। तैयारियों की समीक्षा शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं के साथ पुलिस और मनपा प्रशासन की ओर से नियमित रूप से की जा रही है।
सुबह ७ बजे से आदरांजलि
शिवसेनाप्रमुख के स्मृतिदिन पर मंगलवार १७ नवंबर को सुबह ७ बजे से उनके स्मृतिस्थल के दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने का सिलसिला शुरू होगा। शिवसेना भवन से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।
शक्तिस्थल पर फूलों की आकर्षक सजावट
स्मृतिदिन के अवसर पर छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान स्थित शक्तिस्थल को मुंबई मनपा की ओर से विभिन्न प्रकार के आकर्षक और सुगंधित फूलों से सजाया जा रहा है। कई रंग-बिरंगे फूलों के पौधे लगाए गए हैं। यह जानकारी मनपा के उद्यान विभाग के अधीक्षक जितेंद्र परदेशी ने दी। विभाग में सहायक अधीक्षक नलगे ने बताया कि परिसर की हरियाली को भी व्यवस्थित और सुंदर बनाया जा रहा है।

अन्य समाचार