सामना संवाददाता / मुंबई
पुणे के चाकण औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, यातायात जाम, कचरा प्रबंधन और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि चाकण एमआईडीसी की सड़कों के विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा मंजूर किए गए १,४०० करोड़ रुपए आखिर कहां गए? उन्होंने मांग की कि सरकार केवल बैठकें करने, निरीक्षण दौरे आयोजित करने और घोषणाएं करने में समय बर्बाद न करे, बल्कि यह स्पष्ट करे कि जमीनी स्तर पर विकास कार्य कब शुरू होंगे।
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में सरकार के खिलाफ तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा की ओर से प्रायोजित विवादों को जानबूझकर हवा दी जाती है। जातियों और विभिन्न समाजों के बीच झगड़े करवाए जाते हैं। छठ पूजा के अवसर पर भी इसी तरह विवाद पैदा किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई सहित जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इस तरह की राजनीति कर रही है।
