-हजारों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
-पारंपरिक वेशभूषा, सजे सूप और भक्ति के रंग में सराबोर दिखी मायानगरी
सामना संवाददाता / मुंबई
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा पर जुहू चौपाटी का नजारा देखते ही बन रहा था। समुद्र तट पर श्रद्धा का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु सिर पर पूजा का सूप और दउरा लेकर चौपाटी पहुंचने लगे थे। दिन ढलते-ढलते समुद्र तट छठ व्रतियों और उनके परिवारों की भारी भीड़ से पट गया।
पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने फल, ठेकुआ, नारियल और फूलों से सजे सूप के साथ छठी मैया की विधिवत आराधना की। जैसे ही अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने का समय आया, समुद्र में खड़े होकर श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ सूर्यदेव को नमन किया। चारों ओर गूंजते ‘छठी मैया की जय’ के जयकारों ने माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
इस महापर्व में उत्तर भारतीय समाज के साथ विभिन्न समुदायों के श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए मुंबई पुलिस, मनपा प्रशासन तथा स्वयंसेवकों ने मोर्चा संभाला। जुहू चौपाटी पर उमड़ा यह जनसैलाब मुंबई की सांस्कृतिक एकता, लोकपरंपरा और अटूट आस्था का जीवंत प्रतीक बन गया।
