सामना संवाददाता / मुंबई
लाखों शिवसैनिकों के दिलों में अटल स्थान रखने वाले हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे का मंगलवार को १४वां स्मृतिदिन मनाया जाएगा। इस अवसर पर अपने प्रिय साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शिवतीर्थ स्थित शक्तिस्थल पर जनसैलाब उमड़ेगा। राज्य के कोने-कोने से शिवसैनिक मुंबई पहुंचेंगे। शिवसेनाप्रमुख की यादों से एक बार फिर शिवतीर्थ भावुक हो उठेगा और उनके विचारों एवं तेजस्वी व्यक्तित्व का स्मरण किया जाएगा।
बालासाहेब ठाकरे केवल एक नेता नहीं, बल्कि करो़ड़ों लोगों की आवाज थे। विश्वविख्यात कार्टूनिस्ट बालासाहेब ने अपने व्यंग्यचित्रों और धारदार शब्दों के माध्यम से महाराष्ट्र की जनता को स्वाभिमान का बोध कराया। उन्होंने अन्याय के खिलाफ लड़ने की ताकत दी और हिंदुत्व के विचारों को घर-घर तक पहुंचाया। उनकी एक आवाज पर लाखों लोग सड़कों पर उतर आते थे। उनके भाषणों का प्रत्येक शब्द शिवसैनिकों के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत होता था।
अपने असाधारण कार्यों से देश के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में एक नए युग का निर्माण करने वाले बालासाहेब ठाकरे का १७ नवंबर २०१२ को महानिर्वाण हुआ। हालांकि, उनके विचार और स्मृतियां आज भी शिवसैनिकों के दिलों में जीवित हैं। साहेब का नाम लेते ही आज भी अनेक लोगों की आंखें नम हो जाती हैं। उनके स्मृतिदिन पर शक्तिस्थल में नमन करने के लिए हर वर्ष हजारों शिवसैनिक पहुंचते हैं। इनमें आम नागरिकों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी शामिल होते हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में शिवसैनिकों के पहुंचने की संभावना है।
सुबह ७ बजे से शुरू होंगे दर्शन
शिवसेनाप्रमुख के स्मृतिदिन के अवसर पर छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान स्थित शक्तिस्थल को आकर्षक और सुगंधित फूलों से सजाया जा रहा है। मंगलवार सुबह ७ बजे से वंदनीय शिवसेनाप्रमुख के स्मृतिस्थल पर दर्शन शुरू होंगे। यह जानकारी शिवसेना भवन से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।
महानगरपालिका और पुलिस प्रशासन की जोरदार तैयारियां
शिवतीर्थ पर उमड़ने वाली भीड़ के प्रबंधन के लिए मुंबई पुलिस, मनपा और शिवसेना की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। शिवसैनिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। साफ-सफाई, पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पुलिस की ओर से कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त तैनात रहेगा।
