– ढोंगी खरात के चक्कर में पद गंवाने वाली चाकणकर मैडम का नाम,
फोटो और साड़ी पहनने की शैली भी होगी पेटेंट?
– विपक्ष ने बोला हमला, अब महिलाएं साड़ी रुपाली से पूछकर पहनेंगी?
रामदिनेश यादव / मुंबई
महाराष्ट्र की महायुति सरकार में शामिल अजीत पवार गुट की नेता रुपाली चाकणकर एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। अपने नाम, तस्वीर, पहचान और व्यक्तिगत शैली के ट्रेडमार्क पंजीकरण का दावा करते हुए उन्होंने बिना अनुमति इनके व्यावसायिक इस्तेमाल पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उनके इस कदम पर विपक्षी दलों के कई नेता ने चाकणकर बाई पर हमला बोला है। अभिनेत्री दीपाली सय्यद ने तीखा हमला बोलते हुए पूछा है कि आखिर उन्हें ऐसी सलाह देने वाला सलाहकार कौन है? क्या अब महाराष्ट्र की महिलाओं को साड़ी पहनने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ेगी?
दीपाली सय्यद ने कहा कि चाकणकर ने पांच नवंबर को ट्रेडमार्क के लिए आवेदन किया है, लेकिन अभी उसकी जांच तक पूरी नहीं हुई है और न ही उसे मंजूरी मिली है। इसके बावजूद इस तरह की चेतावनी देना हास्यास्पद है। उन्होंने सवाल उठाया कि महाराष्ट्र में हजारों महिलाओं का नाम रूपाली है, क्या अब वे भी अपना नाम इस्तेमाल नहीं कर सकेंगी? साड़ी पहनना और अपनी पसंद के अनुसार तैयार होना किसी एक व्यक्ति की निजी संपत्ति कैसे हो सकता है? दरअसल, यह विवाद आगामी फिल्म `महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स’ को लेकर भी गहरा गया है। फिल्म में चाकणकर से मिलती-जुलती भूमिका दिखाए जाने की चर्चा है। चाकणकर ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल करके प्रचार और लोकप्रियता हासिल करना चाहते हैं।
