मुख्यपृष्ठनए समाचारट्रंप संभल जाओ, अब ईरान झुकेगा नहीं..!

ट्रंप संभल जाओ, अब ईरान झुकेगा नहीं..!

-गालिबाफ की दो टूक चेतावनी, बोले- जंग का मैदान हम तय करेंगे
सात शर्तों के बिना अमेरिका से कोई बातचीत नहीं

एजेंसी / नई दिल्ली

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर विस्फोटक मोड़ पर पहुंच गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दोहरी रणनीति और नए हमलों की धमकियों के बीच ईरान ने भी तेवर तीखे कर दिए हैं। ईरान के शीर्ष वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने ट्रंप प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि अमेरिका ने दोबारा कोई गुस्ताखी की तो जंग का मैदान और अंजाम ईरान तय करेगा। साथ ही सात शर्तें मानने पर ही बातचीत का रास्ता खुलने की बात कही है।
ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने अमेरिका को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि जंग का मैदान अब ईरान तय करेगा। उनके इस बयान को ट्रंप प्रशासन की सैन्य और कूटनीतिक रणनीति के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। ईरान का कहना है कि अमेरिका यदि वास्तव में बातचीत चाहता है तो उसे पहले उसकी सात शर्तें स्वीकार करनी होंगी। इन शर्तों को माने बिना किसी समझौते की उम्मीद करना बेमानी है। तेहरान की ओर से यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब पश्चिम एशिया में पहले से ही तनाव और सैन्य टकराव का माहौल बना हुआ है। ईरान ने स्पष्ट किया है कि उसकी संप्रभुता और सुरक्षा से जुड़े मामलों में कोई समझौता नहीं होगा। ईरान की सात शर्तों में अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाना, होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित जहाजरानी, प्रतिबंधों में राहत, तेल निर्यात पर लगी पाबंदियां समाप्त करना, जब्त संपत्तियां मुक्त करना, परमाणु सामग्री को ईरान में ही रहने देना और सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करना शामिल बताया गया है। ऐसे में अब निगाहें ट्रंप प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
युद्धविराम के भरोसे नहीं बैठेगा ईरान
गालिबाफ ने यह भी कहा कि ईरान अब अनिश्चित युद्धविराम और तनाव के बीच लंबे समय तक नहीं रहेगा। उन्होंने अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की टिप्पणियों की भी आलोचना की। ईरानी नेतृत्व का दावा है कि देश की सैन्य क्षमताएं पहले से मजबूत हुई हैं और किसी भी नए हमले का जवाब देने के लिए सशस्त्र बल तैयार हैं। राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने भी सम्मान, न्याय और समान शर्तों के आधार पर बातचीत की बात कही है।

अन्य समाचार