मुख्यपृष्ठस्तंभकांव-कांव : धरती का सबसे बड़ा बेशर्म कौन?

कांव-कांव : धरती का सबसे बड़ा बेशर्म कौन?

हरिगोविंद विश्वकर्मा

दो व्यक्ति आपस में झगड़ रहे थे। दोनों कह रहे थे कि वे धरती के सबसे बड़े बेशर्म इंसान हैं। इसी बात पर उनके बीच तीखी बहस चल रही थी। पहला कह रहा था, `मैं सबसे बड़ा बेशर्म हूं।’ दूसरा छाती ठोककर जवाब दे रहा था, `तुम्हारी औकात ही क्या! सबसे बड़ा बेशर्म तो मैं हूं।’
मैंने सोचा, मामला दिलचस्प है। आजकल लोग इज्जत, शोहरत और दौलत के लिए तो लड़ते देखे जाते हैं, लेकिन बेशर्मी के सर्वोच्च खिताब के लिए कोई मैदान में उतर आए, ऐसा नजारा पहली बार देख रहा था। मैंने बीच-बचाव करते हुए पूछा, `भाइयों, सबसे बड़े बेशर्म का पैâसला वैâसे होगा? कोई प्रमाण-पत्र है तुम्हारे पास?’ पहला तुरंत बोला, ‘प्रमाण-पत्र की क्या जरूरत? मैंने एक बार सरेआम गलती की। लोगों ने सबूत दिखाए, गवाह पेश किए, वीडियो भी दिखा दिया।
लेकिन मैंने गलती मानने से साफ इनकार कर दिया। उल्टे गलती बताने वालों को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। आज भी लोग मुझे सम्मान से बुलाते हैं। बताइए हूं न मैं सबसे बड़ा बेशर्म? दूसरा हंसने लगा। वह बोला, `यह तो बहुत मामूली बात है। मैंने तो गलती पकड़े जाने के बाद उसे अपनी उपलब्धि घोषित कर दिया। लोग सवाल पूछते रहे और मैं जवाब देने के बजाय उनसे ही सवाल पूछता रहा। जब बात नहीं बनी तो मैंने कह दिया कि मेरे खिलाफ साजिश हो रही है। अब बताइए, हूं न मैं सबसे बड़ा बेशर्म?’ पहला तिलमिला गया। `अरे, तुमने तो सिर्फ सवाल पूछने वालों को उलझाया। मैंने तो उन लोगों को भी अपने समर्थन में खड़ा कर दिया, जिन्हें मेरी वजह से घाटा हुआ। वे मेरे खिलाफ बोलने के बजाय मेरी तारीफ करने लगे।’ दूसरा बोला, `अच्छा! मैंने तो अपनी गलती का ठीकरा दूसरों के सिर फोड़ने में महारत हासिल कर ली। कोई नुकसान हो जाए तो दूसरा व्यक्ति जिम्मेदार, कोई वादा पूरा न हो तो परिस्थितियां जिम्मेदार, कोई सवाल पूछ ले तो सवाल पूछने वाला जिम्मेदार। मैं कभी जिम्मेदार नहीं!’ अब तक वहां कुछ और लोग जमा हो चुके थे। एक सज्जन ने दोनों की बातें सुनीं और मुस्कराते हुए बोले, `तुम दोनों किस जमाने की बेशर्मी लेकर बैठे हो? मैंने तो एक ही काम को बार-बार करके हर बार उसे नया काम बताया। वादा किया, पूरा नहीं किया, फिर नया वादा कर दिया। लोग पुराने वादे याद दिलाते रहे और मैं नए वादों की मिठाई बांटता रहा।’ एक अन्य महाशय भी पीछे नहीं रहे। बोले, `मैंने तो अपनी पूरी जिंदगी दूसरों को उपदेश देने में गुजार दी। खुद कुछ भी करूं, कोई सवाल नहीं उठा सकता। दूसरों की छोटी-सी गलती पर लंबा भाषण और अपनी बड़ी से बड़ी गलती पर मौन व्रत।’ अब बहस का दायरा बढ़ चुका था। हर कोई अपनी बेशर्मी का बखान कर रहा था। अपने आप को सबसे बड़ा बेशर्म साबित कर रहा था। एक ने तो यहां तक कह दिया कि उसने अपने शब्दकोश से `माफी’ और `आत्मग्लानि’ जैसे शब्द ही निकलवा दिए। मैंने पूछा, `भाई, कभी आत्मा की आवाज भी सुनते हो?’ वह बोला, `सुनता हूं न! लेकिन आत्मा की आवाज बहुत धीमी होती है। ठीक से सुनाई ही नहीं देती।’ यह सुनकर वहां ठहाका गूंज उठा। आखिरकार, सबने तय किया कि इस मामले में एक प्रतियोगिता होनी चाहिए। निर्णायक मंडल बनाया जाए और धरती के सबसे बड़े बेशर्म को चुना जाए। उसे सम्मानित किया जाए। लेकिन निर्णायक बनने के लिए कोई तैयार नहीं हुआ। हर किसी को लग रहा था कि वह सबसे बड़ा बेशर्म है। अगर जज बना तो वह सबसे बड़ा बेशर्म बनने से वंचित रह जाएगा।
मैंने सुझाव दिया कि किसी शरीफ आदमी को निर्णायक बना लेते हैं। इस पर सब एक साथ हंसने लगे। बोले, `शरीफ आदमी को क्या मालूम बेशर्मी की बारीकियां!’ मैं चुपचाप वहां से खिसकने लगा। तभी एक ने मेरा हाथ पकड़ लिया।
`अरे भाई, आप कहां जा रहे हैं? आप ही बन जाइए जज।’
मैंने कहा, `नहीं भाई, मैं तो शरीफ आदमी हूं।’
वह हंसकर बोला, `यही तो सबसे बड़ी बेशर्मी है! आज के जमाने में शरीफ होने का दावा करना भी कोई बहुत बड़ी बेशर्मी है!’

अन्य समाचार