मुख्यपृष्ठसंपादकीयसंपादकीय : भारत के प्रधानमंत्री गायब!

संपादकीय : भारत के प्रधानमंत्री गायब!

चीन के शेनजेन शहर में गुरुवार को तीन महाशक्तियां एक साथ आईं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति पुतिन पहली बार बैठक के लिए एक साथ बैठे। इन तीनों ने वैश्विक घटनाक्रमों और शांति कायम रहने को लेकर चर्चा की। इस त्रिमूर्ति की तस्वीर ने दुनिया में खलबली मचा दी है। राहुल गांधी फिलहाल विदेश में हैं। यह तस्वीर देखकर गांधी का राष्ट्रप्रेम जागा और उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, `यदि कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री इस टेबल पर बैठे दिखाई देते। डगमगाते हुए ऐसे शरणागत प्रधानमंत्री ऐसी टेबल पर कभी नहीं बैठ सकते।’ गांधी की इस भूमिका पर भाजपा में छटपटाहट न होती, तभी आश्चर्य होता! राहुल गांधी विदेश में बैठकर भारत को बदनाम कर रहे हैं, ऐसी आलोचना उन्होंने की। भाजपा का यह कथन मूर्खतापूर्ण है। गांधी ने भारतवासियों के मन की भावनाएं ही व्यक्त की हैं। मोदी का शासन बारह वर्ष का है। वे विश्वभ्रमण में ही अपना समय बिता रहे हैं। वे दावा करते हैं कि ट्रंप, पुतिन, जिनपिंग वगैरह लोग उनके मित्र हैं। उन्हें गले लगाते हैं। भारत अब दुनिया की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बन जाने का प्रचार करते हैं। मोदी के काल में दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा, भारतीय नागरिकों की प्रतिष्ठा बढ़ी ऐसा अंधभक्त कहते हैं, लेकिन दुनिया में होने वाली घटनाओं में भारत का अब कोई स्थान नहीं रह गया है यह स्पष्ट है। रूस-यूक्रेन युद्ध, इजरायल-ईरान युद्ध, तेल को लेकर चल रही वैश्विक लड़ाई
भारत को पूछे बिना
हो रही है। भारत को रूस से तेल खरीदना है या वेनेज़ुएला से इसका फैसला अमेरिका करता है और भारत उसे गुलाम की तरह स्वीकार करता है। पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने कश्मीर के पहलगाम में घुसकर २७ हिंदू पर्यटकों को मार डाला। उसके विरुद्ध शुरू किया गया `ऑपरेशन सिंदूर’ प्रेसिडेंट ट्रंप के दबाव से मोदी सरकार ने रोक दिया। भारत के स्वाभिमान और सुरक्षा के साथ किया गया यह समझौता ही है। फिर इस पर प्रश्न पूछे जाएं तो मोदी-शाह वगैरह लोगों को मिर्ची लगती है। भारत के प्रधानमंत्री समझौता करते हैं, इस पर देश की बहुसंख्यक जनता की एक राय है। मोदी का विश्वभ्रमण महज एक सरकारी खर्च का पर्यटन है। वे अपने उद्योगपति मित्रों का व्यापार-उद्योग बढ़ाने के लिए, उन्हें नए व्यापार अवसर उपलब्ध कराने के लिए विश्वभ्रमण करते हैं। यदि वे नेहरू, इंदिरा गांधी, मनमोहन सिंह की तरह विश्वमान्य नेता के रूप में मान्यता प्राप्त होते तो शेनजेन शहर में हुए एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक को-ऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन की टेबल पर ट्रंप, पुतिन, शी जिनपिंग के साथ वे भी बैठे दिखाई देते। एशिया उपमहाद्वीप की ऐसी बैठक में भारतीय प्रधानमंत्री को स्थान न मिले यह गौरवपूर्ण नहीं है। इन तीनों की बैठक के बाद एक संयुक्त `शांति घोषणा’ जारी की गई। उसमें संयुक्त राष्ट्र की कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता, परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति, परमाणु हथियारों को लेकर जोखिम कम करने को लेकर संवाद जारी रखने का उल्लेख है। ईरान युद्ध या
यूक्रेन युद्ध को लेकर
उग्र स्वरूप की चर्चा या घोषणाएं उसमें नहीं हैं, लेकिन परमाणु नियंत्रण और ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा हुई। शी जिनपिंग ने इस बैठक की अध्यक्षता की, जबकि प्रेसिडेंट ट्रंप ने बाद में कहा, `हम इतिहास रच रहे हैं।’ इस इतिहास रचने की प्रक्रिया में भारत के प्रधानमंत्री कहीं भी दिखाई नहीं दिए। भारत की सीमा से लगे देश में यह घटित हो रहा है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी और उनके गृहमंत्री शाह क्या कर रहे थे यह समझने की आवश्यकता है। ये दोनों ही भारत में अपने राजनीतिक विरोधियों को गालियां दे रहे थे। चुनाव आयोग को साधकर जीत का नया दांव चला जा सकता है क्या? इस पर चर्चा कर रहे थे। मथुरा में कृष्ण मंदिर के नाम पर कारसेवा शुरू करके माहौल भड़काया जा सकता है क्या? इस पर गुप्त मंत्रणा कर रहे थे। ये दोनों इन्हीं कामों में खुश रहते हैं। भारत की अर्थव्यवस्था डगमगा गई है। जिस देश की अर्थव्यवस्था कंगाल हो गई है, जिस देश का लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाएं धराशायी होकर गिर गई हैं, जिस देश के प्रधानमंत्री एक विदूषक की तरह वैश्विक मंच पर विचरते दिखाई देते हैं, जिस देश के प्रधानमंत्री की `अडानी व अशिक्षित’ कहकर खिल्ली उड़ाई जाती है, जिस देश के प्रधानमंत्री झूठ और झूठ ही बोलते हैं, उस देश के प्रधानमंत्री की ओर वैश्विक नेता गंभीरता से नहीं देखते और फिर वैश्विक महासत्ताओं के मुख्य नेताओं की टेबल से भारत के प्रधानमंत्री गायब हुए दिखाई देते हैं। भारत दुनिया के नक्शे पर महान ही है, केवल प्रधानमंत्री की समस्या है।

अन्य समाचार