अनिल मिश्रा / उल्हासनगर
उल्हासनगर का मध्यवर्ती अस्पताल आए दिन विवादों में रहता है। कभी डॉक्टर की कमी, कभी एंबुलेंस, कभी लाइट तो कभी इमारत का हिस्सा गिरने की घटना। अब अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन पिछले चार महीनों से बंद पड़ी है, इससे मस्तिष्क रोगी और गर्भवती महिलाओं समेत गंभीर मरीजों की जांच पर संकट खड़ा हो गया है। अस्पताल प्रशासन चार महीने से लगातार पत्र लिख रहा है, लेकिन ठेकेदार कोई अहमियत नहीं दे रहा।
राज्य सरकार ने मशीन लगाने, मरम्मत, जांच और रिपोर्ट की जिम्मेदारी कृष्णा डायग्नोस्टिक सेंटर को दी है। सेंटर संचालक मरीजों को कल्याण के रुक्मिणी बाई अस्पताल भेजने की सलाह दे रहा है। सवाल है, रास्ते में मरीज को कुछ हुआ तो जिम्मेदार कौन होगा? नागरिकों में सरकार के प्रति नाराजगी है।
जनआंदोलन की चेतावनी
इससे पहले १०८ एंबुलेंस ८ से १० घंटे देरी से पहुंची थी, तब तक मरीज ने गेट पर ही दम तोड़ दिया था। इस मामले में जनजागृति फाउंडेशन ने कंपनी पर तत्काल कार्रवाई करने सहित मशीन जल्द शुरू कराने की मांग की है, नहीं तो जनआंदोलन की चेतावनी दी है।
