मुख्यपृष्ठनए समाचारप्रभादेवी में जनाक्रोश...शिवसेना के हस्तक्षेप से बच गए झोपड़े, वापस लौटा बुलडोजर!

प्रभादेवी में जनाक्रोश…शिवसेना के हस्तक्षेप से बच गए झोपड़े, वापस लौटा बुलडोजर!

सामना संवाददाता / मुंबई

प्रभादेवी रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रोहिदास झोपड़पट्टी में शुक्रवार सुबह रेलवे प्रशासन की अचानक शुरू हुई तोड़फोड़ की कार्रवाई से भारी तनाव और जनाक्रोश पैâल गया। हालांकि, स्थानीय निवासियों के कड़े विरोध और शिवसेना विधायकों के समय पर किए गए हस्तक्षेप के बाद प्रशासन को झुकना पड़ा और जेसीबी मशीनों को बिना कार्रवाई किए ही वापस लौटना पड़ा। पिछले ६० वर्षों से यहां रह रहे करीब १०० परिवारों के घरों पर शुक्रवार सुबह रेलवे पुलिस द्वारा भारी बल के साथ अचानक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई। सुबह-सुबह बिना किसी पूर्व सूचना के हुई इस कार्रवाई से बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं व छोटे बच्चे सहम गए। अपने आशियानों को उजड़ता देख निवासी आक्रोशित हो उठे और घर-संसार बचाने के लिए सीधे बुलडोजर के सामने खड़े होकर कार्रवाई का पुरजोर विरोध करने लगे।
जनता के गुस्से से बुलडोजर रिटर्न!
मुंबई में विकास और सरकारी जमीन खाली कराने के नाम पर आम लोगों के आशियाने उजाड़ने की तैयारी है, लेकिन जब प्रभावित परिवार एकजुट होकर विरोध में उतरते हैं तो प्रशासन को अपने कदम पीछे खींचने पड़ते हैं। प्रभादेवी में रेलवे की प्रस्तावित तोड़क कार्रवाई ने एक बार फिर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के पुनर्वसन का सवाल खड़ा कर दिया है। भारी पुलिस बल और जेसीबी के साथ पहुंचे पश्चिम रेलवे के दस्ते को स्थानीय लोगों और शिवसेना विधायक के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। आखिरकार, सैकड़ों झोपड़ों को हटाने का अभियान स्थगित करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवसेना के विधायक तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए रेलवे की इस कार्रवाई पर रोक लगवाई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और निवासियों ने स्पष्ट मांग रखी कि पहले इन परिवारों को वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए जाएं, उसके बाद ही झोपड़े हटाए जाएं।’ संकट की इस घड़ी में तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई रुकवाने और आशियाना बचाने के लिए प्रभावित परिवारों ने शिवसेना का आभार व्यक्त किया है।
प्रभादेवी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में चॉल नंबर ३२-एल और ३३-एल के आसपास रहने वाले परिवारों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा था। शुक्रवार सुबह रेलवे प्रशासन बुलडोजर लेकर पहुंचा तो स्थानीय निवासियों ने जेसीबी के सामने बैठकर कार्रवाई रोक दी। सवाल यह है कि दशकों से यहां रह रहे परिवारों के पुनर्वसन की ठोस व्यवस्था किए बिना उन्हें उजाड़ने की जल्दबाजी क्यों दिखाई गई?

अन्य समाचार