-सोलापुर में पानी के लिए ३०० फुट नीचे उतर रहे लोग!
-सीएम फडणवीस के विकास के दावों की खुली पोल
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में महायुति सरकार की जल नीति की विफलता अब भयावह रूप लेने लगी है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जलसंकट गहराता जा रहा है। कहीं किसान सिंचाई के लिए पानी मांग रहे हैं तो कहीं ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। सोलापुर जिले के माढ़ा क्षेत्र से सामने आई तस्वीरें सरकारी जल प्रबंधन की बदहाली बयां कर रही हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग करीब ३०० फुट गहरे कुओं में उतरकर पानी निकालने को मजबूर हैं। जबकि जल नीति की प्रबलता को लेकर ढोल पीटने वाली सरकार के मुखिया और मंत्री आए दिन बैठकें करने में मस्त नजर आ रहे हैं।
महायुति सरकार के विकास के दावों के बीच प्यासे गांव और सूखते खेत उसकी जल नीति की सबसे बड़ी विफलता बनकर सामने आ रहे हैं। एक तरफ ग्रामीणों को पानी के लिए खतरनाक परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, दूसरी तरफ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार बैठकों पर बैठकें करने में व्यस्त दिखाई दे रही है। सरकार की प्राथमिकता जलसंकट का स्थायी समाधान निकालना नहीं, बल्कि बैठकों और घोषणाओं तक सीमित दिखाई दे रही है। माढ़ा की तस्वीरें बताती हैं कि योजनाओं और जमीनी हकीकत के बीच कितनी बड़ी खाई है। जिस सीना-माढ़ा सिंचाई योजना से किसानों को राहत मिलनी चाहिए, उसी की मोटरों और पाइपलाइन की मरम्मत के लिए किसानों को ३०० फुट गहरी सुरंग में उतरना पड़ रहा है। यह स्थिति सरकार के जल प्रबंधन पर बड़ा सवालिया निशान है। जब किसान अपने खेत, पशुधन और परिवार का भविष्य बचाने के लिए जोखिम उठा रहे हैं, तब सरकार को जवाब देना होगा कि जलसंकट से निपटने की ठोस तैयारी आखिर कहां है? महाराष्ट्र को केवल बैठकों, आश्वासनों और घोषणाओं की नहीं, बल्कि पानी के समान वितरण और सिंचाई परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की जरूरत है।
