मुख्यपृष्ठनए समाचारपांच साल की देरी, हजारों करोड़ का बोझ!

पांच साल की देरी, हजारों करोड़ का बोझ!

  -बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक की रफ्तार अब भी सुस्त…१८,१२१ करोड़ की परियोजना का अक्टूबर तक सिर्फ ३५ फीसदी काम पूरा

संदीप पांडेय / मुंबई

मुंबई के पश्चिमी उपनगरों को तेज रफ्तार सड़क कनेक्टिविटी देने का सपना दिखाने वाली बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक परियोजना खुद ही देरी के भंवर में फंस गई है। समुद्र के ऊपर बनने वाले इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को पूरा करने की तारीख बार-बार आगे बढ़ाई जा रही है। अक्टूबर २०२६ तक परियोजना का महज ३५ फीसदी सिविल कार्य पूरा हो पाया था, जबकि एमएसआरडीसी ने इस अवधि तक ४० फीसदी काम पूरा करने का लक्ष्य रखा था। यानी निर्धारित लक्ष्य से पांच प्रतिशत पीछे चल रही इस परियोजना की मई २०२८ की समयसीमा भी अब खिसककर दिसंबर २०२८ तक पहुंच गई है। यह परियोजना की चौथी डेडलाइन है और मूल लक्ष्य के मुकाबले करीब पांच साल की देरी का संकेत है।
करीब ९.८ किलोमीटर लंबा मुख्य समुद्री पुल और चार कनेक्टर मिलाकर पूरी सड़क की लंबाई लगभग १७.१७ किलोमीटर होगी। ये कनेक्टर बांद्रा, कार्टर रोड, जुहू कोलीवाड़ा और वर्सोवा के नाना-नानी पार्क को जोड़ेंगे। परियोजना की आर्थिक तस्वीर भी कम चिंताजनक नहीं है। वर्ष २०१८ में इसकी अनुमानित लागत करीब ११,३३२.८ करोड़ रुपए थी, जो संशोधित होकर १८,१२०.९६ करोड़ रुपए तक पहुंच गई। यानी लागत में करीब ६,७८८ करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। यह लगभग ६० फीसदी की वृद्धि है। दूसरी तरफ निर्माण की गति लक्ष्य से पीछे है। समुद्र में करीब ३,००० पाइल और पियर बनाने हैं, जिनमें से लगभग आधे ही पूरे होने की जानकारी अक्टूबर की रिपोर्ट में सामने आई थी।
मुंबई में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन राहत देने वाली बड़ी परियोजनाएं एक के बाद एक नई समयसीमा में उलझ रही हैं। बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक भी इसी सुस्त परियोजना क्रियान्वयन की तस्वीर पेश कर रहा है। हजारों करोड़ रुपए खर्च होने के बावजूद पांच साल की देरी और लगातार बदलती डेडलाइन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की चमक फीकी कर दी है।

अन्य समाचार