– एलिवेटेड डेक के निर्माण ने बढ़ाई आवाजाही की मुश्किलें
– पीक आवर्स में भीड़ के बीच रास्ता तलाशने को मजबूर यात्री
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शुमार दादर स्टेशन पर विकास कार्य यात्रियों के लिए राहत के बजाय रोजाना की नई मुसीबत बनता जा रहा है। एलिवेटेड डेक और फुट ओवरब्रिज को आपस में जोड़ने की परियोजना के चलते स्टेशन परिसर में निर्माण गतिविधियां जारी हैं। इसका असर यात्रियों की आवाजाही पर पड़ रहा है। खासकर सुबह और शाम के पीक आवर्स में स्थिति अधिक परेशानी भरी हो जाती है। पहले से ही यात्रियों की भारी भीड़ से जूझने वाले इस स्टेशन पर निर्माण कार्य के बीच रास्ता बनाकर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है। लोकल पकड़ने की जल्दबाजी में यात्रियों को भीड़ और अव्यवस्थित आवाजाही के बीच अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है।
एमआरवीसी की ओर से लगाए गए परियोजना सूचना बोर्ड के अनुसार, इस काम की शुरुआत २८ मार्च २०२४ को हुई थी और इसे पूरा करने की संभावित तारीख २८ मार्च २०२७ निर्धारित की गई है। परियोजना में एलिवेटेड डेक, फुट ओवरब्रिज, उनके बीच कनेक्टिविटी, स्टेशन और सेवा भवनों का पुनर्विकास, स्टॉल तथा यात्री सुविधाओं में सुधार शामिल है।
दादर स्टेशन पर मध्य और पश्चिम रेलवे के यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है। यहां प्रतिदिन लगभग पांच से छह लाख यात्रियों का आवागमन होने की जानकारी पहले भी सामने आ चुकी है। इतने बड़े यात्री दबाव वाले स्टेशन पर निर्माण के दौरान आवाजाही का प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण है। एमआरवीसी की अपनी पूर्व अध्ययन रिपोर्ट में भी दादर के फुट ओवरब्रिज पर पीक आवर्स में अत्यधिक भीड़, अपर्याप्त क्षमता और वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाओं की कमी जैसी समस्याएं दर्ज की गई हैं।
