मुख्यपृष्ठनए समाचारविकास की भेंट चढ़ेगी वरसावे के इको-सेंसिटिव जोन की हरियाली!

विकास की भेंट चढ़ेगी वरसावे के इको-सेंसिटिव जोन की हरियाली!

-४० साल पुराने पीपल और बरगद समेत १० पेड़ों पर आरी चलाने की तैयारी

सुरेश गोलानी / भायंदर

शहर में ‘हरित और पर्यावरण-अनुकूल’ विकास के दावों के बीच मीरा-भायंदर महानगरपालिका के उद्यान विभाग ने एक निजी निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट का रास्ता साफ करने के लिए १० हरे-भरे पेड़ों को जड़ से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मनपा के वृक्ष अधिकारी नागेश विरकर द्वारा २५ नवंबर २०२६ को जारी नोटिस के अनुसार, वरसावे (सर्वे नंबर ६४) स्थित सेवन इलेव्हन कंस्ट्रक्शन कंपनी की जगह पर विकास कार्य में बाधक बन रहे इन पेड़ों को हटाने का प्रस्ताव है।
मनपा का दावा है कि संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान इको-सेंसिटिव जोन निगरानी समिति तथा उप वनसंरक्षक (ठाणे वन विभाग) की पूर्व मंजूरी के बाद ही यह कदम उठाया गया है। सूची में शामिल पेड़ों की आयु २२ से ४० वर्ष और ऊंचाई ६ से ३० फुट तक है। इनमें करीब ४० वर्ष पुराना पीपल और २५ वर्ष पुराना बरगद का पेड़ शामिल है, जिन्हें दूसरी जगह पुनर्रोपित किया जाएगा। वहीं धामण, सावर, ताड़, शीशम, आम, कविसा और जामुन के कुल ८ पेड़ों को सीधे जड़ से काटने की अनुमति प्रस्तावित है। नियमों के तहत एक पेड़ काटने के बदले दो या उससे अधिक नए पौधे लगाना अनिवार्य है, लेकिन प्रशासन द्वारा काटे गए पेड़ों के अनुपात में लगाए गए पौधों के आंकड़ों को लेकर हमेशा भ्रम की स्थिति बनी रहती है। महाराष्ट्र (नगरी क्षेत्र) वृक्ष संरक्षण एवं जतन अधिनियम १९७५ की धारा ८(३) के तहत जारी इस नोटिस पर नागरिक २ दिसंबर २०२६ की शाम ६:१५ बजे तक भायंदर (पश्चिम) स्थित मनपा मुख्यालय की तीसरी मंजिल पर उप-आयुक्त (उद्यान) कार्यालय में लिखित रूप में या ईमेल (garden@mbmc.gov.in) पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
गौरतलब है कि कभी बिल्डरों को लाभ पहुंचाने तो कभी सड़क चौड़ीकरण के नाम पर शहर में आए दिन सैकड़ों पेड़ों की बलि चढ़ाई जा रही है। हरियाली घटने से शहर में बढ़ते तापमान, प्रदूषण और पारिस्थितिक असंतुलन को लेकर स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों में भारी रोष है।

अन्य समाचार